जय श्री राम…विकेट लेने के बाद रघु शर्मा ने लहराया पर्चा, जानिए क्या लिखकर लाया था मुंबई का खिलाड़ी?

Raghu Sharma: मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों का प्रदर्शन लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ रहा लेकिन उसके लेग स्पिनर रघु शर्मा ने सभी को प्रभावित किया. लखनऊ ने 20 ओवर में 228 रन बनाए लेकिन रघु शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 36 रन खर्च किए और उनके नाम एक विकेट रहा. रघु शर्मा ने लखनऊ के युवा बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी को आउट किया. रघु ने उन्हें अपनी ही गेंद पर लपका. इस विकेट का रघु ने स्पेशल जश्न मनाया. ये उनके आईपीएल करियर का पहला विकेट था. वैसे रघु ने विकेट लेने के बाद एक पर्चा भी लहराया, जिसमें उन्होंने कुछ खास बात लिखी थी.

रघु पर्चे पर क्या लिखकर लाए थे?

रघु ने विकेट लेते ही जेब से सफेद पर्चा निकाला. इसके बाद उन्होंने पूरे स्टेडियम को वो दिखाया. रघु के पर्चे पर लिखा था- गुरुदेव की कृपा से दर्द भरे 15 साल आज खत्म हुए. धन्यवाद मुंबई इंडियंस (ब्लू और गोल्ड), मुझे ये मौका देने के लिए, हमेशा आभारी रहूंगा. जय श्री राम.

कौन हैं रघु शर्मा

रघु शर्मा पंजाब के लेग स्पिनर हैं. उनकी उम्र 33 साल है और उन्हें मुंबई इंडियंस ने साल 2025 में विग्नेश पुथुर के चोटिल होने के बाद टीम में शामिल किया था. रघु को साल 2025 में तो कोई मौका नहीं मिला लेकिन इस सीजन रघु को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल गई. रघु ने चेन्नई के खिलाफ सिर्फ 24 रन दिए थे, हालांकि उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिली लेकिन लखनऊ के खिलाफ इस खिलाड़ी ने एक विकेट हासिल किया और इसके साथ ही उन्होंने अपने दिल की बात सफेद पन्ने में पूरी दुनिया को बता दी.

पहले पेसर थे रघु

आपको बता दें रघु शर्मा पहले तेज गेंदबाज हुआ करते थे लेकिन बाद में उन्होंने लेग स्पिन शुरू कर दी. इस खिलाड़ी ने इसके बाद बेहतरीन प्रदर्शन किया. रघु ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 12 मैचों में 57 विकेट चटकाए. लिस्ट ए में उनके नाम 18 विकेट हैं और टी20 क्रिकेट में उन्होंने 4 विकेट चटकाए.