India vs West Indies T20I: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान चोट लग गई. सीरीज के चौथे मैच में बल्लेबाजी करते हुए अर्शदीप को कंधे में चोट लगी, जिसके चलते उन्हें रिटायर होना पड़ा.
चोट का हाल ये है कि सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले के लिए BCCI ने दिग्गज तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भी टीम में शामिल कर लिया है. इससे सवाल उठने लगे हैं कि क्या अर्शदीप अब न्यूजीलैंड दौरे पर भी नहीं जाएंगे?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच हैदराबाद में चौथे टी20 मैच के दौरान अर्शदीप को चोट लगी थी. भारतीय पारी के आखिरी ओवर में बल्लेबाजी के दौरान शमार जोसेफ की बाउंसर पर गेंद अर्शदीप सिंह के कंधे पर जाकर लगी थी. इसके चलते वो दर्द से परेशान रहे और फिर आखिरी गेंद से पहले उन्हें ‘रिटायर्ड हर्ट’ होकर लौटना पड़ा था. अर्शदीप सिंह की ये चोट ऐसे वक्त पर आई, जब सीरीज का आखिरी मैच बाकी है और इसके तुरंत बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड रवाना होना है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्टूबर से टी20 सीरीज की शुरुआत होगी, जिसमें अर्शदीप सिंह टीम का अहम हिस्सा हैं. मगर इस चोट ने उनके खेलने को लेकर संदेह पैदा कर दिया है. तो क्या अर्शदीप न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे? इसका जवाब तो कुछ दिन में साफ-साफ मिल जाएगा लेकिन BCCI ने उनकी चोट को लेकर जो प्रेस रिलीज जारी की, उससे सकारात्मक संकेत ही मिल रहे हैं.
16 अक्टूबर को BCCI ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि अर्शदीप की चोट के कारण दिग्गज पेसर भुवनेश्वर कुमार को स्क्वॉड में जोड़ा गया है. मगर इसके साथ ही बोर्ड ने साफ कर दिया कि अर्शदीप अभी आखिरी मैच से बाहर नहीं हुए हैं, बल्कि बेंगलुरु में होने वाला मुकाबला खेलने के लिए रेस में बने हुए हैं. BCCI के मुताबिक, आखिरी T20 में अर्शदीप के खेलने पर फैसला उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा और ये मैच से ठीक पहले किया जाएगा.
यानि साफ है कि अर्शदीप की चोट फिलहाल ज्यादा गंभीर नजर नहीं आ रही है और इसलिए वो अभी भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं. यही कारण है कि बोर्ड को उम्मीद है कि वो आखिरी मैच के लिए फिट हो सकते हैं. ऐसे में उनका न्यूजीलैंड दौरे पर जाना अभी भी तय है. ज्यादा से ज्यादा ऐसा हो सकता है कि न्यूजीलैंड में शुरुआती 1-2 मैच में उन्हें आराम दिया जाए ताकि वो पूरी तरह से फिट होकर लौट सकें.