चेन्नई सुपर किंग्स ने माइकल हसी से नाता तोड़ा, कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव

चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2027 से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में भारी फेरबदल किया है. पांच बार की चैंपियन टीम ने अपने लंबे समय से बल्लेबाजी कोच रहे माइकल हसी को अलविदा कह दिया है. ये फैसला आठ साल के कोचिंग कार्यकाल के बाद आया है, जो फ्रेंचाइजी के साथ उनके लंबे जुड़ाव का एक अहम हिस्सा था.

माइकल हसी पहली बार 2008 में सीएसके से एक खिलाड़ी के तौर पर जुड़े थे. उन्होंने 6 सीजन तक टीम का झंडा बुलंद किया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, वो 2018 में बल्लेबाजी कोच के तौर पर वापस आए और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ काम किया.

जिताए 3 IPL

‘मिस्टर क्रिकेट’ के नाम से मशहूर  ने सीएसके की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी. उनके कोचिंग कार्यकाल के दौरान टीम ने 2018, 2021 और 2023 में IPL खिताब जीते थे. सीएसके ने हसी को अलविदा कहते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश भी पोस्ट किया. फ्रेंचाइजी ने लिखा, ‘2008 के पहले सीज़न से ही आप चेन्नई सुपर किंग्स परिवार का एक अहम हिस्सा रहे हैं.’

 

 

और कौन हुए बाहर?

हसी अकेले नहीं हैं जो सीएसके के पिछले सेटअप से बाहर हुए हैं. गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस ने भी फ्रेंचाइजी से नाता तोड़ लिया है. वो 2018 से टीम से जुड़े थे और अब इंग्लैंड की टेस्ट टीम में फ्लेमिंग के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने वाले हैं. पूर्व फील्डिंग कोच जेम्स फोस्टर भी टीम छोड़ चुके हैं. इसके अलावा, सहायक कोच राजीव कुमार, फिजियोथेरेपिस्ट टॉमी सिम्सेक और ट्रेनर ग्रेग किंग ने भी सीएसके छोड़ दी है.

नए कोच और उम्मीदें

सीएसके ने स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को हेड कोच नियुक्त किया है. गैरेथ बैटी भी सहायक कोच के रूप में टीम से जुड़े हैं. उन्होंने 2022 से 2024 के बीच लगातार तीन काउंटी चैंपियनशिप खिताब जिताने के बाद सरे को छोड़ा है. भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को गेंदबाजी कोच के रूप में लाया गया है, क्योंकि फ्रेंचाइजी अपने सपोर्ट स्टाफ को नया रूप दे रही है. यह बड़ा बदलाव पिछले तीन निराशाजनक सीज़नों के बाद हुआ है. 2023 में खिताब जीतने के बाद, सीएसके 2024 में पांचवें, 2025 में दसवें और 2026 में आठवें स्थान पर रही थी. फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि जहीर के नेतृत्व में यह बदला हुआ कोचिंग ग्रुप 2027 में सुपर किंग्स को फिर से खिताब की दौड़ में वापस लाएगा और टीम में स्थिरता बहाल करेगा.

Leave a Comment