गंभीर-अगरकर का सीक्रेट प्लान! 2027 के विश्व कप में होगी धुरंधर प्लेयर की एंट्री, अय्यर की बढ़ेगी टेंशन?

Tilak Varma World Cup 2027: भारतीय टीम साल 2027 में होने विश्व कप की तैयारियों में जुट गई है. यह विश्व कप 4 अक्टूबर को शुरू होगा, जिसमें सभी टीमें अपना पूरा जोर लगाएंगी. इसी कड़ी में हेड कोच गौतम गंभीर की मैनेजमेंट ने भी टीम की प्लानिंग शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि विश्व कप के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड में बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा (Tilak Varma) की एंट्री हो सकती है. सिलेक्टर तिलक वर्मा को श्रेयस अय्यर के बैकअप के तौर पर स्क्वाड में शामिल करने पर विचार कर रहे हैं. बाएं हाथ के बल्लेबाज के आने से टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर में बैलेंस आएगा. साथ ही वह ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं, लेकिन विश्व कप से पहले उन्हें अपनी इस स्किल को निखारना होगा.

तिलक वर्मा को क्यों मिल रही तवज्जो?

TOI की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम के हेड कोच गंभीर (Gautam Gambhir) और कप्तान गिल को लगता है कि मिडिल ऑर्डर के लिए कोई बैकअप तैयार नहीं है. उनका मानना है कि फिलहाल कोई ऐसा बैकअप खिलाड़ी नहीं है, जिस पर बड़े टूर्नामेंट के लिए भरोसा किया जा सकता है. खासकर सबसे बड़ी चिंता ऑलराउंडर्स की है. हार्दिक पांड्या और नीतीश कुमार रेड्डी फिटनेस की समस्या से जूझते रहते हैं. ऐसे में टीम को ऐसे खिलाड़ी की तलाश है, जो टॉप-6 में बल्लेबाजी करने के साथ ही कुछ ओवर गेंदबाजी भी कर सके. ऐसे में तिलक वर्मा को स्क्वाड में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है.

गेंदबाजी में भी कर सकते हैं धमाल

भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर में दाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या ज्यादा है. ऐसे में बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा के होने से बैटिंग ऑर्डर में बैलेंस आएगा. इसकी वजह से विपक्षी टीमों के गेंदबाजों को अपने एंगल और रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है. साथ ही तिलक वर्मा अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से दुश्मन टीम के बाएं हाथ के बल्लेबाजों को फंसा सकते हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि तिलक वर्मा वनडे में विश्व कप के लिए टीम इंडिया में चुने जा सकते हैं.

श्रेयस अय्यर का बैकअप होंगे तिलक वर्मा!

रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय मैनेजमेंट अगले साल साउथ अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए तैयार रहना चाहती है. श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को ऑस्ट्रेलिया में चोट लग गई थी. इतना ही नहीं, पिछले कुछ समय में पेस और बाउंस के खिलाफ उनके खेल में भी थोड़ी गिरावट आई है. अय्यर के अलावा विराट कोहली और रोहित शर्मा दो उम्रदराज खिलाड़ी हैं, जिन्हें छोटी परेशानियों को सामना करना पड़ सकता है. वहीं, केएल राहुल अगले साल विश्व कप तक 35 साल के हो जाएंगे, जबकि रविंद्र जडेजा के खेलना तय नहीं है. इन सभी के अलावा फील्डिंग और फिटनेस भी टीम इंडिया की बड़ी समस्या रही है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को बैकअप के तौर पर तैयार करना चाहती है.

Leave a Comment