तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शियस, सैम कॉन्स्टास और नाथन मैकस्वीनी जैसे सीनियर टीम की तरफ से खेल चुके खिलाड़ियों को भारत ए के खिलाफ होने वाली श्रृंखला के लिए मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया ए की दो प्रारूपों के लिए चुनी गई 14 सदस्यीय टीमों में शामिल किया गया।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की राष्ट्रीय चयन समिति ने कहा कि भारत का यह दौरा बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से परिचित कराना और उन्हें भारत में खेलने की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
ऑस्ट्रेलिया ए की टीम इस दौरे में चार दिवसीय मैच भी खेलेगी जिसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अगले साल की शुरुआत में भारत में होने वाली पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए सीनियर टीम में जगह बनाने का मौका मिल सकता है।
ऑस्ट्रेलिया ए टीम पुडुचेरी में दो चार दिवसीय मैच और तीन एक दिवसीय मैच खेलेगी। पहला चार दिवसीय मैच 22 सितंबर से जबकि दूसरा मैच 29 सितंबर से शुरू होगा है। अनौपचारिक वनडे मैच छह, नौ और 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा कि यह दौरा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि अगले साल ऑस्ट्रेलिया की सीनियर टीम भारत का दौरा करने वाली है।