कीरोन पोलार्ड मुंबई इंडियंस के 9वें कोच बने, जानें अब तक किसने-किसने संभाली जिम्मेदारी

आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए लंबे समय तक बल्ले से धमाल मचाने वाले कीरोन पोलार्ड अब नई भूमिका में नजर आएंगे. मैदान पर छक्के लगाने और टीम को मुश्किल हालातों से निकालने वाले पोलार्ड को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए अपना हेड कोच चुना गया है.

वो महेला जयवर्धने की जगह ये जिम्मेदारी संभालेंगे. पोलार्ड पहले टीम के बैटिंग कोच के तौर पर काम कर रहे थे. अब उनके पास टीम को सफलता की राह पर ले जाने की जिम्मेदारी होगी. मुंबई इंडियंस के सफर में अब तक किन-किन लोगों ने हेड कोच की भूमिका निभाई है.

कीरोन पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ रिश्ता काफी पुराना है. वो साल 2010 में फ्रेंचाइजी से जुड़े थे और लंबे समय तक टीम के लिए खेले. उनके अनुभव और शानदार प्रदर्शन ने मुंबई की सफलता में अहम भूमिका निभाई. खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल से संन्यास लेने के बाद भी वो टीम से जुड़े रहे. उन्होंने बैटिंग कोच के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई. अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें मुख्य कोच बनाकर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है.

मुंबई इंडियंस के अब तक के कोच

मुंबई इंडियंस ने 2008 में लालचंद राजपूत को अपना पहला हेड कोच बनाया था. इसके बाद 2009 में शॉन पोलक ने ये जिम्मेदारी संभाली. साल 2010 से 2012 तक रॉबिन सिंह टीम के कोच रहे. वहीं, 2013 और 2014 में जॉन राइट ने टीम को संभाला.

साल 2015 और 2016 में रिकी पोंटिंग मुंबई इंडियंस के हेड कोच रहे. इसके बाद महेला जयवर्धने ने 2017 से 2022 तक टीम को कोचिंग दी. साल 2023 और 2024 में मार्क बाउचर इस भूमिका में रहे. फिर महेला जयवर्धने ने 2025 और 2026 में दोबारा टीम की जिम्मेदारी संभाली. अब 2027 में कीरोन पोलार्ड इस में शामिल हो गए हैं.

पोलार्ड के सामने होगी बड़ी चुनौती

मुंबई इंडियंस आईपीएल की 5 बार की चैंपियन टीम है. लेकिन, पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. ऐसे में पोलार्ड के सामने टीम को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करवाने की चुनौती होगी. फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव आगामी सीजन में टीम के काम आएगा.

Leave a Comment