कप्तान सैंटनर ने चौथे टी20 में गेंदबाजों को जीत का दिया श्रेय, ब्रेसवेल-फिलिप्स की पारी को भी सराहा

ऑकलैंड, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने ऑकलैंड के ईडन पार्क में भारत के खिलाफ चौथे टी20 में अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात की। उन्होंने इस जीत का श्रेय बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को दिया, जिनकी बदौलत टीम ने इस सीरीज में पहली बार भारत को हराया।

पांच मैचों की सीरीज के पिछले तीनों मुकाबले हारने के बाद न्यूजीलैंड ने इस बार जोरदार वापसी की और 259/7 का स्कोर खड़ा किया। यह उनका अब तक का सबसे बड़ा टी20 स्कोर है, और टी20 में भारत के खिलाफ भी किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। बल्लेबाजी में सबसे अहम भूमिका ग्लेन फिलिप्स (107 रन) और माइकल ब्रेसवेल (65 रन) ने निभाई, जिन्होंने पांचवें विकेट के लिए 40 गेंदों पर 115 रनों की साझेदारी की। इसके बाद गेंदबाजों ने भी शानदार काम किया। जैकब डफी ने 4 विकेट लिए, जिससे भारत निर्धारित 20 ओवरों में 172/9 के स्कोर पर ही पहुंच सका रुक गया और न्यूजीलैंड ने 87 रनों से बड़ी जीत दर्ज की।

मैच के बाद सैंटनर ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने माना कि 260 का स्कोर काफी अच्छा था, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी लाइन-अप के खिलाफ गेंदबाजी में कसी हुई लाइन-लेंथ रखना जरूरी था, क्योंकि मेहमान टीम पहले टी20 में 226 रनों का लक्ष्य भी हासिल कर चुकी थी।

मैच के बाद प्रेजेंटेशन में सैंटनर ने कहा, “हां, जाहिर है कि टॉस फिर से हार गए थे, लेकिन मुझे लगता है कि हवा की वजह से आज रात (शुक्रवार) ओस उतनी नहीं पड़ी। 260 का लक्ष्य निश्चित रूप से अच्छा है, लेकिन इन भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ आपको अच्छी गेंदबाजी करनी होती है और मुझे लगता है कि हमने ऐसा ही किया।”

फिलिप्स ने 49 गेंदों पर 107 रन बनाए, जबकि ब्रेसवेल ने 25 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली। मिडिल ओवरों में उनकी इस साझेदारी ने ही मैच का रुख बदल दिया। कप्तान ने इस बात पर जोर दिया कि कैसे उनके खिलाड़ियों ने पूरी ताकत के साथ शानदार खेल दिखाया। न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा, “हां, मुझे लगता है कि हमने पिच को अच्छे से समझ लिया था। शुरुआत में गेंदें तेजी से आ रही थीं, और फिर हमने उसी लेंथ पर गेंदबाजी जारी रखी। बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की, और हम शुरुआत में ही विकेट लेने में कामयाब रहे, जो पावरप्ले में बहुत मायने रखता है।”

सैंटनर ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि इस मुकाबले में हमारी लाइन और लेंथ बहुत अच्छी थी और पिच से भी थोड़ी मदद मिल रही थी। हम ज्यादातर मैचों में ऐसी ही पिच चाहते हैं। इसी कारण जब हमें अच्छी उछाल वाली पिच मिलती है और हम सही जगह गेंदबाजी करते हैं, तो सब कुछ बहुत अच्छा होता है।”

सैंटनर ने ब्रेसवेल की खास तारीफ की, जिनकी बदौलत न्यूजीलैंड भारत की पहुंच से दूर एक बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। सैंटनर ने कहा, “हां, जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की, उससे हम काफी मजबूत स्थिति में आ गए थे। पहली ही गेंद से उन्होंने आक्रामक रुख बनाए रखा, जिससे स्कोर 220 (जो कि पहले से ही एक अच्छा स्कोर था) से बढ़कर 260 तक पहुंच गया, जिसमें ग्लेन फिलिप्स का अहम योगदान रहा। यह देखकर अच्छा लगा कि ब्रेसवेल ने रन बनाए, क्योंकि वह नेट्स में भी शानदार शॉट खेल रहे थे।”

ऑकलैंड का मैदान गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल माना जाता है, क्योंकि यहां सीधी बाउंड्री काफी छोटी हैं। सैंटनर अपनी टीम की गेंदबाजी से काफी खुश थे, क्योंकि वह भारत को 172/9 पर रोकने में सफल रहे। उन्होंने कहा, “मैं काफी खुश हूं। यह एक मुश्किल मैदान है। हमने उन्हें तेज और उछाल वाली गेंदों का सामना करने पर मजबूर किया, जिससे उन्हें मुश्किल विकल्प चुनने पड़े। कुछ गेंदें हवा में गईं, जो हमारे लिए अच्छा रहा। हालांकि, कुछ कैच भी छूटे, लेकिन यहां हवा के कारण गेंद का दिशा बदलना आम बात है।”

“मेरा कैच पकड़ना बहुत मुश्किल नहीं था। हालांकि, हां, मैं बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि हमने अपनी रणनीति में बदलाव किए। पावरप्ले में हमने अलग-अलग तरह की गेंदबाजी की और गेंदबाजों को छोटे स्पेल में इस्तेमाल किया। शुरुआत से ही सटीक गेंदबाजी करना और डफी का ‘हार्ड लेंथ’ पर बेहतरीन गेंदबाजी करना, हमारे लिए एक शानदार शुरुआत रही।”

Leave a Comment