ओडिशा टी20 लीग: राउरकेला सुपरस्टार्स ने भुवनेश्वर टाइगर्स को तीन विकेट से हराया

कटक, 27 सितंबर (हि.स)। अभिषेक यादव की दबाव में खेली गई नाबाद 61 रन की शानदार पारी की बदौलत राउरकेला सुपरस्टार्स ने ओडिशा टी20 लीग – सीएम ट्रॉफी में भुवनेश्वर टाइगर्स को तीन विकेट से हरा दिया।

बाराबती स्टेडियम में शनिवार खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भुवनेश्वर टाइगर्स की पूरी टीम 149 रन पर सिमट गई। टाइगर्स ने शुरुआती 20 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद संबित बेजा और श्रेयांश भारद्वाज ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की।

संबित बेजा ने 19 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि श्रेयांश भारद्वाज ने 28 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली। हालांकि, राउरकेला के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल करते हुए भुवनेश्वर को बड़ी साझेदारी बनाने से रोके रखा।

रुद्र प्रसाद मलिक ने एक छोर संभाले रखा और 35 गेंदों में 47 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। राउरकेला की ओर से पापू रॉय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राउरकेला सुपरस्टार्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम ने आठ ओवर के भीतर 49 रन पर चार विकेट गंवा दिए। लगातार विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन अभिषेक यादव ने एक छोर संभाले रखा।

अभिषेक ने 38 गेंदों में नाबाद 61 रन की पारी खेली, जैिससे टीम ने 18.4 ओवर में सात विकेट पर 153 रन बनाते हुए जीत हासिल कर ली।

मैच विजयी पारी के बाद अभिषेक यादव ने कहा कि टीम की जीत में योगदान देकर बहुत अच्छा लग रहा है, खासकर ऐसी स्थिति में जब हमने शुरुआती दौर में कुछ विकेट गंवा दिए थे। उन्होंने कहा कि मेरा ध्यान क्रीज पर टिके रहने, पारी को संभालने और मैच को ज्यादा से ज्यादा गहराई तक ले जाने पर था। मुझे खुशी है कि जब टीम को मेरी जरूरत थी, तब मैं रन बना सका और टीम को जीत दिलाने में मदद की।

Leave a Comment