एसजीएफआई प्रमंडल स्तरीय अंडर-19 हॉकी में रोहतास चैंपियन, फाइनल में पटना को 1-0 से हराया

Sasaram News : राज्य खेल अकादमी, राजगीर में 6 अक्तूबर को आयोजित एसजीएफआई प्रमंडल स्तरीय (पटना प्रमंडल) अंडर-19 बालक हॉकी प्रतियोगिता में रोहतास जिला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया.

फाइनल मुकाबले में रोहतास ने पटना को 1-0 गोल से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया.

सेमीफाइनल में बक्सर को हराकर फाइनल में पहुंचा रोहतास

सेमीफाइनल मुकाबले में रोहतास का सामना बक्सर से हुआ. मैच के 25वें मिनट में अभिमन्यु कुमार ने शानदार मैदानी गोल कर टीम को बढ़त दिलायी और रोहतास को फाइनल में पहुंचाया.

मनु कुमार के निर्णायक गोल से रोहतास बना चैंपियन

फाइनल मुकाबले में मनु कुमार ने कलात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए पटना के खिलाफ निर्णायक मैदानी गोल दागा. इसके बाद रोहतास के खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त कायम रखी और अंत तक पटना को गोल करने का मौका नहीं दिया. इस तरह रोहतास ने 1-0 से मुकाबला जीतकर चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया.

गोलकीपर पंकज और धनु कुमार का शानदार प्रदर्शन

रोहतास की जीत में गोलकीपर पंकज और रक्षापंक्ति के खिलाड़ी धनु कुमार की भूमिका भी अहम रही. दोनों ने पूरे मुकाबले के दौरान मजबूत प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया.

 

अधिकारियों ने खिलाड़ियों को दी बधाई

रोहतास टीम के शानदार प्रदर्शन पर जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित तथा पूर्व खेल पदाधिकारी एवं वरीय उप समाहर्ता विनय प्रताप ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने टीम के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

 

प्रशिक्षक और कोच ने भी जतायी खुशी

टीम की सफलता पर अध्यक्ष आमोद कुमार सिंह, टीम प्रशिक्षक सह सचिव नरेंद्र प्रसाद सिन्हा (मनीष सिन्हा), सहायक कोच ज्योति कुमारी और मनीष कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई दी. सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी.

Leave a Comment