एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, क्वार्टरफाइनल मुकाबले में जापान को 8 विकेट से हराया

शियन गेम्स 2026 में भारत ने डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। दरअसल जापान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत ने 8 विकेट से जीत दर्ज की है। पहले गेंदबाजों ने जापानी बल्लेबाजी को पूरी तरह रोक दिया फिर शेफाली वर्मा की तेज बल्लेबाजी ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

अब भारतीय टीम लगातार दूसरे एशियन गेम्स गोल्ड मेडल की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ गई है।

दरअसल जापान ने पहले बल्लेबाजी की लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उसकी शुरुआत से ही मुश्किलें बढ़ गईं। टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन पर ऑलआउट हो गई। इस प्रदर्शन में सबसे बड़ी भूमिका श्री चरणी की रही जिन्होंने चार विकेट लेकर जापान की पारी को संभलने का मौका नहीं दिया।

बड़ा स्कोर नहीं बना सका जापान

वहीं शेफाली वर्मा ने भी शानदार गेंदबाजी से दो विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल को एक-एक सफलता मिली जबकि जापान की दो बल्लेबाज रन आउट हुईं। जापानी टीम की बल्लेबाज लगातार दबाव में दिखीं और किसी भी साझेदारी को लंबा नहीं खींच सकीं। साथ ही भारत की फील्डिंग भी पूरे मैच में मजबूत रही। रन आउट के मौके बनाए गए और कैचिंग में भी टीम ने कोई बड़ी गलती नहीं की। इसी वजह से जापान बड़ा स्कोर बनाने से काफी दूर रह गया।

 

 

भारत ने 5 ओवर में खत्म किया मैच

वहीं 58 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को दूसरे ओवर में जी. कमलिनी के रूप में पहला झटका लगा। इसके कुछ देर बाद भारती फुलमाली भी छह रन बनाकर आउट हो गईं लेकिन इससे मैच की दिशा नहीं बदली। दरअसल शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और सिर्फ पांच ओवर के अंदर भारत को जीत दिला दी। उन्होंने नाबाद 40 रन बनाकर मैच खत्म किया और लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। भारत ने सिर्फ दो विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। टीम अब लगातार दूसरे एशियन गेम्स गोल्ड मेडल की दौड़ में बनी हुई है।

Leave a Comment