एशियन गेम्स में भारत की बेटियों ने रचा इतिहास, 4×400 रिले में दिलाया पहला गोल्ड

नई दिल्ली: नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत को एथलेटिक्स से बड़ी खुशखबरी मिली है। मंगलवार को ट्रैक एंड फील्ड के आखिरी दिन भारतीय महिला टीम ने 4×400 मीटर रिले में गोल्ड जीतकर पूरे देश को खुश कर दिया।

ये मौजूदा गेम्स में भारत का छठा और आज के दिन का दूसरा गोल्ड मेडल है।बता दें, जापान के आइची-नागोया में आज एथलेटिक्स का अंतिम दिन था। भारत के लिए ये आखिरी मौका था।

1994 से लेकर 2023 तक भारत ने हर एशियन गेम्स में एथलेटिक्स में कम से कम एक गोल्ड जरूर जीता था। इस बार सिल्वर और ब्रॉन्ज तो आ रहे थे, लेकिन गोल्ड नहीं मिल रहा था, तो सिलसिला टूटने का डर भी सताने लगा था।

29.69 सेकंड खत्म की रेस

तभी सेकेंड लास्ट इवेंट में भारत की चार बेटियों ने कमाल कर दिया। किरण पहल ने रेस की शुरुआत की और बैटन 36 साल की अनुभवी पूवम्मा को दिया। पूवम्मा ने अपने अनुभव से भारत को टॉप-3 में पहुंचा दिया। इसके बाद प्राची चौधरी ने दमदार दौड़ लगाकर भारत को दूसरे नंबर पर ला दिया और आखिर में विथ्या रामराज ने ऐसी स्प्रिंट लगाई कि सब पीछे रह गए। चारों ने मिलकर 3 मिनट 29.69 सेकंड में रेस खत्म कर गोल्ड भारत की झोली में डाल दिया।

अब तक कितने मेडल जीत चुका भारत

वहीं पहले दिन में भी भारत ने मेडल बटोरे हैं। पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में धर्मवीर चौधरी, मनु थीक्किनिल, जय कुमार और विशाल थेन्नारासु ने 3:01.61 सेकंड का सीजन बेस्ट टाइम निकालकर ब्रॉन्ज जीता। मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले में भी ब्रॉन्ज आया। गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, स्नेहा सत्यनारायण और हरिता भद्रा की टीम ने 41.06 सेकंड में दौड़ पूरी की।

हाई जंप में पूजा सिंह ने 1.84 मीटर की छलांग के साथ कांस्य जीता, तो 5000 मीटर में गुलवीर सिंह ने 13:32.75 मिनट में दौड़कर ब्रॉन्ज अपने नाम किया। गुलवीर का इस एशियन गेम्स में ये लगातार तीसरा मेडल है। मंगलवार को शूटिंग और एथलेटिक्स मिलाकर भारत ने कुल 8 मेडल जीते और अब भारत के मेडलों की गिनती 53 तक पहुंच गई है।

Leave a Comment