एशियन कप क्वालिफायर की तैयारी में जुटी भारतीय अंडर-17 टीम, यूएई से खेलेगी 2 फ्रेंडली मैच

नई दिल्ली। एएफसी अंडर-17 एशियन कप उज्बेकिस्तान 2027 क्वालीफायर की तैयारियों के तहत, भारत की अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ 1 और 4 नवंबर को दो अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच खेलेगी।

यह मुकाबले रास अल खैमाह में आयोजित होंगे।

दोनों मैच भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे शुरू होंगे। पहला मैच 1 नवंबर को एमिरेट्स फुटबॉल क्लब स्टेडियम में और दूसरा मैच 4 नवंबर को सऊद बिन सक्र अल कासिमी स्टेडियम में खेला जाएगा। मेहराजुद्दीन वाडू के कोचिंग में भारतीय अंडर-17 टीम, गोवा के मारगाओ में अपना तैयारी कैंप पूरा करने के बाद 30 अक्टूबर को यूएई के लिए रवाना होगी।

इससे पहले, भारत ने थानलिन में म्यांमार के खिलाफ दो फ्रेंडली मैच खेले थे। पहला मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था, जबकि 7 अक्टूबर को खेले गए दूसरे मैच में भारत ने 4-0 से शानदार जीत दर्ज की थी।

कप्तान दलालमौं गंगटे ने 40वें मिनट में गोल करके भारत का खाता खोला, जिसके बाद 53वें मिनट में काई थार के ‘ओन गोल’ से भारत की बढ़त दोगुनी हो गई। 60वें मिनट में कामगौहाओ डौंगेल ने बढ़त को और बढ़ाया, जबकि 72वें मिनट में ऋषिकेश चरण मानवती ने गोल करके जीत सुनिश्चित कर दी। इसी के साथ, मेहराजुद्दीन वाडू ने भारत की अंडर-17 पुरुष टीम के मुख्य कोच के रूप में अपनी पहली जीत दर्ज की।

यूएई के खिलाफ दूसरे फ्रेंडली मैच के बाद, भारतीय टीम 5 नवंबर को सीधे कुआलालंपुर, मलेशिया जाएगी। वहां 11 से 20 नवंबर तक एएफसी अंडर-17 एशियन कप उज्बेकिस्तान 2027 के क्वालीफायर आयोजित होंगे।

इस बड़े टूर्नामेंट में भारत अपने क्वालीफाइंग अभियान की शुरुआत 11 नवंबर को सिंगापुर के खिलाफ करेगा, जिसके बाद 14 नवंबर को उसका सामना गुआम से होगा। इसके बाद 17 नवंबर को भारत का मुकाबला फिलिस्तीन से होगा। भारतीय टीम 20 नवंबर को अपने आखिरी मैच में मेजबान मलेशिया से भिड़ेगी।

यूएई के खिलाफ आगामी दो मैच भारत को क्वालीफायर से पहले अपनी तैयारियों को और बेहतर बनाने का मौका देंगे। इन क्वालीफायर में भारत का लक्ष्य महाद्वीपीय टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की करना होगा।

Leave a Comment