एक या दो नहीं, पूरा 3 बार! भारत-पाकिस्तान का सामना वर्ल्ड कप में होगा कई बार, समझ लीजिए पूरा गणित

नई दिल्ली: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का बिगुल बज चुका है और टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल सामने आ गया है। इस बार मुख्य टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें छह-छह के दो अलग-अलग समूहों (ग्रुप A और ग्रुप B) में बांटा गया है।

भारतीय टीम को ग्रुप A में रखा गया है जहां उसके साथ चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान और एक क्वालीफायर टीम मौजूद है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी जबकि फैंस के लिए सबसे बड़ा मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा।

एक ही टूर्नामेंट में 3 बार हो सकता है महामुकाबला

वर्ल्ड कप 2027 का फॉर्मेट इस तरह से तैयार किया गया है कि क्रिकेट प्रेमियों को भारत और पाकिस्तान के बीच एक या दो नहीं बल्कि तीन बार हाई-वोल्टेज जंग देखने को मिल सकती है। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला तो 10 अक्टूबर को ग्रुप स्टेज के तहत खेला जाना तय है। इसके बाद अगर दोनों टीमें आगे के चरणों में बेहतर प्रदर्शन बरकरार रखती हैं तो नॉकआउट मैचों समेत दो और बार आमने-सामने आने के मजबूत समीकरण बन रहे हैं।

सुपर 7 स्टेज का नया गणित और दूसरा भारत-पाक मैच

ग्रुप स्टेज के खत्म होने के बाद दोनों ग्रुप से टॉप-3 में रहने वाली टीमें सीधे सुपर 7 चरण में प्रवेश करेंगी। वहीं, दोनों ग्रुपों में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम को 7वां स्पॉट मिलेगा। सुपर 7 चरण में पिछले मैच के अंक आगे नहीं जोड़े जाएंगे और सभी सात टीमें राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से भिड़ेंगी। 25 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच चलने वाले इस दौर में हर टीम को 6 मैच खेलने मिलेंगे, जिससे भारत और पाकिस्तान की दूसरी भिड़ंत पूरी तरह पक्की हो जाएगी।

सेमीफाइनल या फाइनल में तीसरी बार टकराने का मौका

सुपर 7 स्टेज के समापन के बाद अंक तालिका की टॉप 4 टीमें नॉकआउट चरण यानी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। अगर भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें अपनी जगह टॉप-4 में बनाने में सफल रहती हैं तो फैंस को सेमीफाइनल या फिर 21 नवंबर को होने वाले खिताबी मुकाबले में तीसरी बार इन दोनों दिग्गजों का आमना-सामना देखने को मिल सकता है।

2023 के जख्मों को भरने उतरेगी भारतीय टीम

गौरतलब है कि साल 2023 में भारत की मेजबानी में खेले गए पिछले वर्ल्ड कप में केवल 10 टीमों ने हिस्सा लिया था जहां अहमदाबाद के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार के साथ पांचवें स्थान पर रही थी।

Leave a Comment