एक अदद ‘टेस्ट शतक’ के लिए मैट रेनेशॉ ने किया साढ़े 9 साल इंतजार, आखिरकार डबरन में पूरी हुई ‘मुराद’

डरबन, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैट रेनेशॉ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ किंग्समीड में जारी टेस्ट सीरीज के पहले मैच में शतक लगाया। रेनेशॉ ने मुकाबले के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में यह कारनामा किया।

यह टेस्ट क्रिकेट में उनका करीब साढ़े नौ साल बाद शतक था।

रेनेशॉ ने डरबन में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 204 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने चौके के साथ अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया। इससे पहले रेनेशॉ ने जनवरी 2017 में पाकिस्तान के विरुद्ध 184 रन की पारी खेली थी। उसके बाद रेनेशॉ को अगले शतक के लिए 20 पारियों का इंतजार करना पड़ा।

रेनेशॉ ने नवंबर 2016 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 2017 में 7 टेस्ट मैच खेले। हालांकि, जनवरी 2017 के बाद उन्होंने दो अर्धशतक और लगाए, लेकिन साल 2018 में उन्हें सिर्फ एक ही टेस्ट मैच खेलने का मौका मिल सका।

इसके बाद रेनेशॉ को सीधे साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टेस्ट फॉर्मेट नसीब हुआ, जिसमें 5*, 0, 2 और 2 रन की पारियां खेलीं। यही वजह रही कि अगले तीन साल उन्हें टेस्ट टीम से बाहर रखा गया, जिसके बाद अगस्त 2026 में रेनेशॉ ने बांग्लादेश के विरुद्ध टेस्ट मैच के साथ फिर से इस फॉर्मेट में वापसी की, जिसमें सिर्फ 8 ही रन बना सके।

डरबन में जारी इस टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 24 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद स्टीव स्मिथ ने मार्नस लाबुशेन (37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 84 के स्कोर तक पहुंचाया।

रेनेशॉ ने उस वक्त पारी को संभाला, जब स्कोर 84/3 था। इसी स्कोर पर स्मिथ (25) भी पवेलियन लौट गए, जिसके बाद रेनेशॉ ने एलेक्स कैरी (14) के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 रन जुटाकर टीम को 100 के पार पहुंचाया।

ऑस्ट्रेलिया ने 124 के स्कोर पर छठा विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद रेनेशॉ ने कप्तान पैट कमिंस (43) के साथ सातवें विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी करते हुए स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। इसके बाद नाथन लियोन के साथ नौवें विकेट के लिए 47 रन की अटूट साझेदारी की।

लंच ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया ने 96 ओवरों में 8 विकेट खोकर 277 रन बना लिए हैं। फिलहाल रेनेशॉ 218 गेंदों में 10 चौकों के साथ 102 रन बनाकर नाबाद हैं। अब तक साउथ अफ्रीका की तरफ से वियान मुल्डर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए हैं, जबकि मार्को जानसेन और एनरिक नॉर्त्जे को 2-2 विकेट हाथ लगे हैं।

Leave a Comment