एक्टिंग में अफगानिस्तान को 10 नंबर, कैमरे में कैद हुई खिलाड़ियों की नौटंकी

पांच दिन तक भी पता नहीं होता कि विजेता कौन होगा, यही टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी खूबी है. बांग्लादेश और अफगानिस्तान के टेस्ट मैच में ऐसा ही हुआ. अफगान टीम को 479 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन उसने 142 ओवर बैटिंग करके मुकाबले को ड्रॉ करवा कर कमाल कर दिखाया.

इसी बीच कैस अहमद चर्चा में आ गए हैं, जिनको लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने बीच मैदान पर इंजरी का बहाना किया था.

कैस अहमद की हरकत ने गुलबदीन नईब की याद दिला दी. 2024 टी20 वर्ल्ड कप का वह मैच भी अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा था, जब बेहद अहम मौके पर गुलबदीन नईब ने समय बर्बाद करने के लिए हैमस्ट्रिंग चोट का बहाना बनाया था.

अफगानिस्तान की बेईमानी!

यह मामला अफगानिस्तान की दूसरी पारी के 140वें ओवर का है. ताइजुल इस्लाम गेंदबाजी कर रहे थे और ओवर की दूसरी गेंद को अहमद ने डिफेंड किया. मगर फ्रंट-फुट डिफेंस की पोजीशन में रहते ही उन्होंने अपना पैर पकड़ लिया. अहमद कुछ क्षण बाद खड़े हो गए और लंगड़ा कर चलने लगे. बांग्लादेशी खिलाड़ी खड़े-खड़े यह सब नजारा देख रहे थे. मजे की बात यह रही कि इस दौरान कप्तान नजमुल शांतो का चेहरा देखने लायक था.

 

 

क्या ये समय बर्बादी का प्लान था

कैस अहमद की जांच के लिए फिजियो मैदान पर आया और करीब 4-5 मिनट समय गुजरने के बाद अहमद फिर से खेलने को तैयार थे. यह घटना देखने में सामान्य लगती है कि चोट तो किसी भी खिलाड़ी को लग सकती है. मगर जिस रफ्तार से बांग्लादेश के स्पिनर बॉलिंग कर रहे थे, ऐसे में अहमद की हरकत के चलते उन्हें 2 ओवर का नुकसान हुआ.

मैच समाप्त होने में कुछ ही समय बचा था, बांग्लादेश को सिर्फ 2 विकेट चाहिए थे. ऐसे में कैस अहमद द्वारा लिए गए 4-5 मिनट मुकाबले के परिणाम में बहुत बड़ा अंतर पैदा करने वाले साबित हुए. 12 गेंद यानी बांग्लादेश के गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को आउट करने के 12 मौके गंवा दिए.

कमेंटेटर्स ने लगाए ठहाके

जैसे ही कैस अहमद ने अपना पैर पकड़ा, कमेंटेटर्स जोर-जोर से ठहाके लगाने लगे. एक कमेंटेटर ने तुरंत कहा कि उन्हें 2024 टी20 वर्ल्ड कप वाली गुलबदीन नईब की हरकत याद आ गई. कमेंटेटर्स ने कहा कि इस घटना का रिप्ले देखने की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि सब जानते हैं कि मैदान पर चल क्या रहा है.

खैर अंत में अफगानिस्तान मुकाबले को ड्रॉ करवाने में सफल रहा. दूसरी पारी में अफगानिस्तान ने पहली 38 गेंदों के भीतर दो विकेट खो दिए थे. उसके बाद 142 ओवर बल्लेबाजी करते हुए मैच को ड्रॉ करवाना अपने आप में ऐतिहासिक रहा.

Leave a Comment