ईशान किशन कप्तान, हेड-अभिषेक करेंगे ओपन, IPL 2026 में ऐसी दिख सकती है SRH की बेस्ट प्लेइंग इलेवन

Sunrisers Hyderabad Playing 11: 28 मार्च को जब सनराइजर्स हैदराबाद IPL 2026 का सबसे पहला मैच खेलने मैदान में उतरेगी, तो उसके बल्लेबाज पिछले सीजनों की तरह तूफानी स्ट्राइक रेट को कायम रखना चाहेंगे.

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे सितारों से सजी ये टीम विस्फोटक बैटिंग स्टाइल के लिए फेमस है. अब दिग्गज ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन भी हैदराबाद टीम के साथ जुड़ गए हैं.

सनराइजर्स हैदराबाद एक बार चैंपियन (2016) बनी है और आखिरी बार 2024 के फाइनल में पहुंची थी. अगर उसी प्रदर्शन को दोहराना है तो जान लीजिए SRH के लिए कौन सा प्लेइंग इलेवन कॉम्बिनेशन सबसे ज्यादा फायदेमंद रह सकता है.

SRH की बेस्ट प्लेइंग इलेवन

ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी सेट है. दोनों एक बार फिर 2024 वाले प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे जब SRH की टीम लगातार पावरप्ले में ही 70-80 रन बना रही थी. नंबर-3 पर ईशान किशन होंगे, जो पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कर रहे होंगे. किशन भी शानदार फॉर्म में हैं और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में तीन अर्धशतक सहित 317 रन बनाकर आ रहे हैं.

हेनरिक क्लासेन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और एक फ्रेश माइंड के साथ IPL 2026 में उतरेंगे. पिछले सीजन उन्होंने 487 रन बनाए थे. उनके बाद नीतीश कुमार रेड्डी आ सकते हैं और इस बार लियाम लिविंगस्टोन टीम के मिडिल ऑर्डर और ऑलराउंड डिपार्टमेंट को मजबूती दे रहे होंगे. हालांकि पिछली 17 आईपीएल पारियों में वो सिर्फ 224 रन बना सके हैं. पिछले सीजन 166 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बैटिंग करने वाले अनिकेत वर्मा को इस बार भी मौका मिलने की संभावना होगी.

तेज गेंदबाजी का भार हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट संभाल सकते हैं. चूंकि पहले कुछ मैचों में पैट कमिंस नहीं खेलेंगे, ऐसे में तीसरे तेज गेंदबाज का रोल ब्रायडन कार्स निभा सकते हैं. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के पास कोई अनुभवी लीड स्पिनर नहीं है. संभव है कि हर्ष दुबे को मुख्य स्पिनर की भूमिका सौंपी जा सकती है.

SRH की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे

Leave a Comment