इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मैच में कप्तान हैरी ब्रूक के दमदार अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 187 रन बनाए। इंग्लैंड ने इसके साथ ही भारत का मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर चार साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले मुकाबले में 6 गेंदबाजों से गेंदबाजी कराई और सभी को सफलता मिली। इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी टीम ने सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट और डोनाल्ट के विकेट तीसरे ओवर में ही गंवा दिए थे लेकिन उसके बाद हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने पारी को संभाला और एक सम्मानजनक स्कोर के पार पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जैक एडवर्ड और निखिल चौधरी ने 2-2 विकेट लिए।
इंग्लैंड ने तोड़ा भारत का रिकॉर्ड
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर सबसे बड़ा टोटल बनाने का रिकॉर्ड भारत के नाम था। टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2022 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 186 रन बनाए थे, जोकि इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर था। हालांकि इंग्लैंड ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 187 रन बनाकर भारत का 4 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इंग्लैंड का तीसरा हाईएस्ट टोटल
इंग्लैंड की टीम का ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर टी20 इंटरनेशनल में ये तीसरा हाईएस्ट टोटल है। इंग्लैंड ने 2022 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया में अपना टी20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा टोटल बनाया था। टीम ने उस मैच में 6 विकेट खोकर 208 रन बनाए थे। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर 2014 में खेला गया मुकाबला है, जिसमें इंग्लैंड ने 9 विकेट खोकर 200 रन बनाए थे। शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड ने 9 विकेट के नुकसान पर 187 रन ठोके।
हैरी ब्रूक ने खेली दमदार पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। विस्फोटक बल्लेबाज फिल सॉल्ट बिना खाता खोले पहले ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। उन्हें डेविस ने आउट किया। दूसरे सलामी बल्लेबाज डोनाल्ड भी तीसरे ओवर में 7 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने पारी को संभाला और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 41 गेंद में 97 रन की साझेदारी हुई। कप्तानी हैरी ब्रूक 28 गेंद में ताबड़तोड़ 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के जड़े। अगले ओवर में टॉम बैंटन 22 गेंद में 39 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। विल जैक्स तीन रन ही बना सके। सैम करन ने 20 गेंद में 21 और कॉक्स ने 20 गेंद में 27 रन की पारी खेली। लियाम डासन ने 14 गेंद में 17 और जेमी ओवर्टन ने दो रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी 6 गेंदबाजों ने विकेट चटकाए। एडवर्ड और निखिल ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 187 रन बनाए।