U19 एशिया कप 2026 में धूम मचाने वाले आर्यवीर सहवाग और इसी टूर्नामेंट के फाइनल मैच में बाजी पलटने वाले ऑलराउंडर मोहित उल्वा ने आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
हालांकि, कप्तान लक्ष्य रायचंदानी समेत कई खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने इस मिनी ऑक्शन के लिए अपना नाम नहीं दिया है। इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं? ये तो किसी को नहीं पता है, मगर पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और उल्वा की बात करें तो दोनों बेस प्राइस यानी 30-30 लाख रुपये में उपलब्ध होंगे।
आर्यवीर सहवाग ओमान में खेले गए अंडर 19 एशिया कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे, जबकि फाइनल मैच में मोहित उल्वा प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। हालांकि, उस टीम के कप्तान रहे लक्ष्य रायचंदानी और भारत के महान खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने आईपीएल के मिनी ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। इस टीम का हिस्सा रहे काव्यान पटेल ने भी आईपीएल के लिए रजिस्टर किया है, मगर उस यादगार फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले मनल चौहान ऑक्शन का हिस्सा नहीं होंगे। अंडर 19 एशिया कप के जिस भी खिलाड़ी ने रजिस्ट्रेशन कराया है, उसकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये ही है।
आर्यवीर का ऐसा था U19 एशिया कप में प्रदर्शन
जूनियर सहवाग यानी आर्यवीर सहवाग की बात करें तो वे अंडर 19 एशिया कप के 5 मैचों की 5 पारियों में कुल 361 रन बनाने में सफल हुए थे। उनका औसत उस टूर्नामेंट में 90.25 का था। ये वनडे टूर्नामेंट था, जिसमें 95.50 के स्ट्राइक रेट से आर्यवीर ने बल्लेबाजी की थी, जबकि कुल 38 चौके और 16 छक्के उनके बल्ले से आए थे। एक मैच में शतक और 3 मैचों में अर्धशतक उन्होंने जड़े थे। एक अलग तरह की कंसिस्टेंसी उनकी बल्लेबाजी में नजर आई थी। यही कारण है कि कुछ आईपीएल टीमों की नजर उन पर पड़ सकती है।
वहीं, मोहित उल्वा की बात करें तो उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 26 गेंदों में 49 रनों की नाबाद पारी खेली थी। आखिरी के कुछ बल्लेबाजों के साथ उन्होंने साझेदारियां की थीं और आखिरी गेंद पर जीत के लिए जब 3 रन चाहिए थे तो उन्होंने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। इसके ठीक बाद उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी मौका मिल गया था और अब वे आईपीएल ऑक्शन में भी दिखाई दे सकते हैं, क्योंकि अभी शॉर्टलिस्ट सामने आनी बाकी है।