आकाश दीप और मुकेश कुमार की वापसी, जुरेल कप्तान, BCCI ने NZ दौरे के लिए घोषित की भारत-ए की टीम

BCCI ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय ए टीम न्यूजीलैंड की ए टीम के साथ 3 मैचों की अनौपचारिक बहुदिवसीय शृंखला खेलेगी।

इस सीरीज के अधिकांश खिलाड़ी भारतीय टेस्ट टीम में सीधे एंट्री ले सकते हैं।

मुकेश- आकाश की वापसी, ध्रुव जुरेल कप्तान

भारत ए की 15 सदस्यीय टीम में खास बात यह है कि बिहार से ताल्लुक रखने वाले दो तेज गेंजबाजों मुकेश कुमार और आकाश दीप का भी चयन हुआ है। इन दोनों गेंदबाजों ने हाल ही में संपन्न हुई ईरानी कप ट्रॉफी में शेष भारत की टीम से खेलते हुए शानदार गेंदबाजी की और खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। आकाश दीप लंबे समय से चोट से जूझने के बाद घरेलू क्रिकेट से अपनी वापसी कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की टेस्ट टीम का जब ऐलान होगा तो उसमें भी उनका नाम देखने को मिल सकता है। मुकेश कुमार को भारतीय गेंदबाजी यूनिट से लंबे समय से बाहर रखा गया था, लेकिन उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए टीम में जगह दी गई है। ध्रुव जुरैल को टीम की कमान सौपी गई है।

भारतीय टेस्ट टीम के ज्यादातर खिलाड़ी स्क्वॉड में

भारत ए की टीम में सलामी बल्लेबाज के रूप में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल को चुना गया है। देवदत्त पडिक्कल नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। नंबर चार पर जिस खिलाड़ी को रखा गया है उसका नाम रविचंद्रन स्मरण है। ईरानी कप 2026 में शेष भारत के कप्तान रहे ऋषभ पंत का भी चयन किया गया है लेकिन उनके नाम के आगे स्टार लगा हुआ है जिसका मतलब है कि वे फिट रहेंगे तभी मुकाबला खेल सकेंगे। दूसरे विकेटकीपर ध्रुव जुरैल हैं और उन्हें कप्तान भी बनाया गया है। वाशिंगटन सुंदर टीम का हिस्सा हैं। आकिब नबी को टेस्ट सीरीज को देखते हुए एक बार फिर भारत ए की टीम में मौका दिया गया है। आकाश दीप के साथ तेज गेंदबाजी यूनिट में अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और मुकेश कुमार हैं। स्पिन विकल्पों के लिए मानव सुथार को शामिल किया गया है। यश राठौड़ और साई सुदर्शन भी इस टीम का हिस्सा हैं।

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए की टीम

यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ऋषभ पंत* (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (कप्तान) (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, औकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार।

ऐसा है शेड्यूल

शेड्यूल की बात करें तो पहला मल्टी डे टेस्ट मैच मैच 24 से 27 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच 31 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच खेला जाएगा। तीसरा और आखिरी मुकाबला सात से 10 नवंबर के बीच खेला जाएगा।

Leave a Comment