अभिषेक ने ICC टी20 रैंकिंग में पाकिस्तानी को पछाड़ा; सैमसन का हुआ फायदा, बुमराह छलांग लगाकर टॉप 10 में पहुंचे

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष खिलाड़ियों की तीनों फॉर्मेट की रैंकिंग जारी की है। T20I बल्लेबाजों की लिस्ट में अभिषेक शर्मा एक स्थान चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

उनके खाते में फिलहाल 862 रेटिंग अंक हैं। भारतीय ओपनर ने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (848) को पछाड़ा है। अभिषेक ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में 82 और दूसरे मैच में 39 रन बनाए। संजू सैमसन को चार स्थान का फायदा हुआ है। वह अब 30वें नंबर पर आ गए हैं। सैमसन ने दूसरे मैच में अर्धशतक (57) जमाया। ईशान किशन (913) शीर्ष पर बरकरार हैं। उन्होंने 42 और नाबाद 38 रनों की पारी खेली। ईशान और अभिषेक में रेटिंग 51 अंकों का अंतर है।

बुमराह की टॉप 10 में एंट्री

T20I बॉलर रैंकिंग में भी भारत के कई खिलाड़ियों को लाभ मिला। भारत के धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह सात स्थान की छलांग लगाकर दसवें पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके 650 अंक हैं। उन्होंने अफगानिस्तान दोनों मुकाबलों में दो विकेट लिए। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (दो पायदान ऊपर पांचवें पर), तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (11 पायदान ऊपर 14वें पर) और अक्षर पटेल (छह पायदान ऊपर 27वें पर) भी आगे बढ़े हैं। वरुण चोटिल होने के कारण सिर्फ पहले मैच में खेले और सीरीज से बाहर हो गए। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान नंबर-1 टी20 गेंदबाज हैं।

तीन ऑस्ट्रेलियाई को फायदा

हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में 59 रन की जीत के बाद तीन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को फायदा हुआ है। पेसर नाथन एलिस पांच विकेट हॉल के बाद वनडे गेंदबाजों की लिस्ट में 20 स्थान की छलांग लगाकर 20वें पर आ गए। मैथ्यू रेनशॉ ने 109 रन की शानदार पारी खेली थी। वह वनडे बल्लेबाजों की सूची में टॉप 100 से बाहर थे और अब 68वें स्थान पर पहुंच गए। कूपर कोनोली (नौ स्थान ऊपर 77वें पर हैं। उन्होंने मैच में 51 रन का योगदान दिया था।

रॉबिन्सन और बाबर आगे बढ़े

वहीं, अपडेटेड टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड के पेसर ओली रॉबिन्सन को अपने करियर की बेस्ट रेटिंग (856) हासिल की है। वह टेस्ट बॉलर्स की लिस्ट में दो पायदान चढ़कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 21 विकेट चटकाए। इंग्लैंड के जोश टंग (दो पायदान ऊपर 11वें पर) ने भी सीरीज में 19 विकेट लेकर अपने करियर की सबसे अच्छी रेटिंग (741) हासिल की है। रॉबिन्स बर्मिंघम में तीसरे टेस्ट में फिफ्टी जड़ने की वजह से टेस्ट ऑलराउंडर्स की फेहरिस्त में सात पायदान ऊपर चढ़कर 13वें नंबर पर आ गए हैं। टेस्ट बैटर्स की सूची में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (दो पायदान ऊपर 13वें पर) और शान मसूद (चार पायदान ऊपर 37वें पर) जबकि इंग्लैंड के कीपर जेमी स्मिथ (तीन पायदान ऊपर 20वें पर) को लाभ मिला।

Leave a Comment