कुछ ही दिनों में आईपीएल का 19वां सीजन भी शुरू हो जाएगा और फिर 2 महीने तक 10 टीमों के बीच खिताब की जंग चलती रहेगी. IPL 2026 सीजन शुरू होने से पहले हर टीम ने कुछ न कुछ बदलाव किए हैं, चाहे वो स्क्वॉड में हो या कोचिंग स्टाफ में. वहीं राजस्थान रॉयल्स ने तो अपना कप्तान भी बदला है. इन सबके बीच कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी में भी परिवर्तन की अटकलें और अफवाहें लगातार उड़ती रही हैं. अब टूर्नामेंट शुरू होने से करीब दो हफ्ते पहले ही अचानक KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे के हटने का दावा हो रहा है और इसकी वजह बना है एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें रहाणे ने कप्तानी छोड़ने का ऐलान किया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक अकाउंट से दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के नाम से एक बयान पोस्ट किया गया है. ये बयान का रहाणे के इंस्टाग्राम अकाउंट से लिया गया मालूम होता है. इसमें लिखा है, “कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करना और मैच जीतना एक सम्मान की बात रही. अब नया घरेलू सीजन आ रहा है, मुझे लगता है कि यही सही वक्त है, जब एक नए लीडर को तैयार किया जाए और इसलिए मैंने कप्तानी जारी नहीं रखने का फैसला किया है.”
Thank you
pic.twitter.com/kcpfUZLA5Y
— Ajinkya Bahane (@OnlyGGmatters) March 12, 2026
इस बयान के ऊपर ही 12 मार्च 2026 की तारीख भी लिखी हुई है और इसने सोशल मीडिया पर हर किसी को हैरान कर दिया. तो क्या वाकई में KKR की कप्तानी में बदलाव हुआ है? क्या ये बयान सच है? जी नहीं, ये बिल्कुल भी सच नहीं है. न तो रहाणे और न ही KKR ने इस तरह का कोई ऐलान किया है. रहाणे के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बने अकाउंट चेक करने पर पता चला है कि उन्होंने ऐसा कोई भी बयान पोस्ट नहीं किया और न ही कप्तानी छोड़ी है.
यानि रहाणे के कप्तानी छोड़ने के ऐलान वाला ये बयान पूरी तरह फेक है. इस बयान की सच्चाई सिर्फ इतनी है कि रहाणे ने इस तरह का ऐलान पिछले साल किया था लेकिन वो IPL की कप्तानी नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट में मुंबई की टीम की कप्तानी छोड़ने को लेकर किया था. तब रहाणे ने जो लिखा था, उसकी भाषा और इस फेक पोस्ट की भाषा एक जैसी है. बस असली बयान को एडिट कर उसमें मुंबई की जगह कोलकाता नाइट राइडर्स का नाम लिख दिया गया है.
Captaining and winning championships with the Mumbai team has been an absolute honour.
With a new domestic season ahead, I believe its the right time to groom a new leader, and hence Ive decided not to continue in the captaincy role.
I remain fully committed to giving my best
— Ajinkya Rahane (@ajinkyarahane88) August 21, 2025
pic.twitter.com/kcpfUZLA5Y