PCB Broadcast Rights: पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के लगातार खराब प्रदर्शन का असर अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की तिजोरी पर सीधे तौर पर दिखने लगा है. घरेलू इंटरनेशनल सीजन के लिए मीडिया राइट्स की बिक्री में पीसीबी को तगड़ा झटका लगा है.
बोर्ड ने होम सीरीज के ब्रॉडकास्टिंग राइट्स का बेस प्राइस 60 पाकिस्तानी करोड़ रुपए तय किया था, लेकिन किसी भी बड़े इंटरनेशनल या निजी ब्रॉडकास्टर ने इसमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई. अंत में पीसीबी को अपनी मांग से काफी नीचे गिरकर सरकारी चैनल पीटीवी स्पोर्ट्स के साथ सिर्फ 35 करोड़ रुपए में सौदा तय करने पर मजबूर होना पड़ा.
PCB को हुआ 25 करोड़ का नुकसान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम के खराब प्रदर्शन के चलते बाजार में पाकिस्तानी क्रिकेट की साख गिरने के कारण ब्रॉडकास्टर्स ने बोर्ड की शर्तों को ठुकरा दिया और मोहसिन नकवी की अगुवाई वाले पीसीबी को सीधे तौर पर 25 करोड़ रुपए का भारी नुकसान झेलना पड़ा है. पीसीबी को उम्मीद थी कि आने वाले महीनों में इंग्लैंड जैसी हाई-प्रोफाइल टीम के दौरे और श्रीलंका के साथ ट्राई सीरीज के चलते ब्रॉडकास्टर्स के बीच होड़ मचेगी. इसी आत्मविश्वास के चलते बोर्ड ने ऊंची कीमत रखी थी.
हालांकि, असलियत में स्थिति पूरी तरह उल्टी साबित हुई. पाकिस्तानी टीम की लगातार हार और खेल के गिरते लेवल से फैंस का मोहभंग हो चुका है. व्यूअरशिप में आई भारी गिरावट के चलते एडवर्टाइज्स और टीवी नेटवर्क्स ने हाथ खींच लिए, जिसके चलते पीटीवी स्पोर्ट्स ने अपनी शर्तों पर सौदे को आखिरी रूप दिया.
पाकिस्तान टीम का बुरा हाल
कागजों पर मजबूत दिखने वाली पाकिस्तानी टीम का मैदान पर ट्रैक रिकॉर्ड पिछले कुछ सालों में काफी निराशाजनक रहा है. पाकिस्तान की हालत सबसे ज्यादा खराब टेस्ट फॉर्मेट में है. टीम इस समय आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर संघर्ष कर रही है. वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में मिली करारी हार के बाद टीम के कई अहम खिलाड़ियों को बाहर तक करना पड़ा है.
पिछले दो टी20 वर्ल्ड कप में टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी और 2024 में तो ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी. हाल ही में नागोया एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भी चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से मात देकर गोल्ड मेडल से महरूम कर दिया. वहीं, वनडे फॉर्मेट में लगातार कप्तानों की अदला-बदली और के चलते टीम बड़े मुकाबलों में जीत दर्ज करने में नाकाम रही है. वहीं, पाकिस्तानी क्रिकेट के सबसे बड़े ब्रांड और चेहरे माने जाने वाले बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की फॉर्म में आई भारी गिरावट ने भी पीसीबी के ब्रांड मूल्य को बड़ा झटका दिया है.