हार्दिक पांड्या पूरे साल नहीं खेलेंगे मैच? क्रिकेट से कई महीने रहेंगे दूर, IPL 2027 में होगी वापसी!

Hardik Pandya Fitness Update: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से दूर चल रहे हैं. वह पिछले कई महीनों से बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब से गुजर रहे हैं.

अब उनकी फिटनेस को लेकर चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है. ताजा रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पांड्या को पूरी तरह फिट होने में कई महीने का समय लग सकता है. इसका मतलब है कि फैंस को हार्दिक पांड्या के मैदान पर देखने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा. 33 साल के धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या पिंडली के अंदरूनी हिस्से में स्ट्रेस इंजरी से जूझ रहे हैं. वह पहले भी पीठ की सर्जरी करवा चुके हैं.

IPL 2027 में लौटेंगे हार्दिक?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेडिकल टीम ने हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर समझदारी दिखाई है. मेडिकल टीम का कहना है कि हार्दिक पांड्या को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं की जा सकती है. फिलहाल उनकी वापसी की तारीफ कंफर्म नहीं है, लेकिन संभावना है कि वो शायद IPL 2027 तक वापसी न कर पाएं. यह रिपोर्ट हार्दिक पांड्या के फैंस के लिए बड़ा झटका है. बता दें कि हार्दिक पांड्या ने IPL 2026 में अपना आखिरी मैच खेला था. इसके बाद से ही मैदान पर वापसी नहीं कर पाए हैं. उन्होने भारत के लिए आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपना आखिरी मुकाबले खेला था.

CoE की रिपोर्ट में क्या कहा गया?

रिपोर्ट की मानें, तो हार्दिक पांड्या अगले 3 हफ्ते में जॉगिंग शुरू कर पाएंगे. इसके बाद अगले 8 हफ्ते तक उनके रनिंग लोड को धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा. हालांकि अभी उनके मैच फिट होने की कोई डेडलाइन नहीं दी गई है. इसका मतलब है कि जनवरी के पहले हफ्ते तक तो उनका सिर्फ रनिंग लोड बढ़ाया जाएगा. ऐसे में माना जा रहा है कि वह 13 दिसंबर से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही वनडे और टी20 सीरीज में नहीं खेलेंगे. इसके अलावा 3 जनवरी से जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरू हो रही वनडे सीरीज में भी नहीं खेल पाएंगे. इसके बाद भारतीय टीम बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलेगी, जिसमें हार्दिक पांड्या नहीं खेलेंगे. फिर IPL शुरू होने का समय हो जाएगा. इसका मतलब है कि हार्दिक पांड्या IPL 2027 में ही खेलते दिखाई देंगे.

टीम इंडिया को बड़ा झटका

हार्दिक पांड्या के फिट न होने की वजह से भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. भारतीय टीम अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी कर रही है. हालांकि भारत के पास हार्दिक पांड्या जैसा कोई दूसरा ऑलराउंडर नहीं है. हार्दिक पांड्या टीम को बैलेंस देते हैं, क्योंकि वो तेज गेंदबाजी भी करते हैं और लोअर ऑर्डर में फिनिशिंग का भी काम करते हैं. यही वजह है कि हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में नीतीश कुमार रेड्डी, सूर्यांश शेडगे जैसे खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है.

Leave a Comment