विराट कोहली ने बुधवार को ऑकलैंड में पहले वनडे में शानदार 74 रन की पारी खेलकर भारत को पांच विकेट से जीत दिलाई और उनके इस प्रदर्शन से प्रभावित न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने कहा कि इस दिग्गज बल्लेबाज के खेल में कोई कमी नजर नहीं आती।
कोहली ने महज 51 गेंद में 74 रन बनाए और बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने संशोधित 143 रन के लक्ष्य को 56 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। कोहली ने 51 गेंदों का सामना करने के बाद 13 चौके और एक छक्का लगाया। डफी आईपीएल 2026 में खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम में कोहली के साथी रह चुके हैं। बेंगलुरु में आरसीबी के अभ्यास सत्र के दौरान वह कई बार कोहली की बल्लेबाजी का सामना कर चुके हैं।
‘ऐसा करने के लिए विराट से बेहतर कौन’
ऑकलैंड वनडे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में डफी ने मजाकिया अंदाज में कहा, ”हां, यह थोड़ा परेशान करने वाला था, क्या नहीं था?” उन्होंने कहा, ”जब लक्ष्य छोटा हो और कोई बल्लेबाज इस तरह के इरादे के साथ मैदान पर उतरकर तेजी से रन बनाने लगे, तो वह आसानी से लक्ष्य का पीछा कर सकता है। और ऐसा करने के लिए विराट से बेहतर खिलाड़ी कौन हो सकता है। उनका प्रदर्शन वाकई शानदार था।” डफी ने कोहली की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, ”उन्हें गेंद के उछाल से कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने हुक और पुल शॉट खेलने के लिए शानदार तरीके से खुद को तैयार किया और फिर गेंद को सीधे मैदान के पार भी पहुंचाया। इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है, वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वह कई वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं और बेंगलुरु में नेट अभ्यास के दौरान भी उन्होंने मेरे खिलाफ कई बार ऐसा किया है।”
विराट कोहली ने की शतकीय साझेदारी
ऑकलैंड में तेज गेंदबाजों के कमाल और कोहली की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। कोहली और कप्तान शुभमन गिल (37) के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी हुई। पहली बार जब बारिश के कारण खेल रुका तब भारत ने एक विकेट पर 54 रन बनाए थे। दूसरे व्यवधान के समय उसका स्कोर एक विकेट पर 64 रन था। कोहली ने दो बार व्यवधान के बावजूद अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सहजता से रन बटोरे। कोहली शुरू से आक्रामक होकर खेल रहे थे और उन्होंने चौकों की झड़ी लगाने में कोताही नहीं बरती। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने पहले ओवर मेंही रोहित शर्मा का विकेट गंवाया जो खाता भी नहीं खोल पाए। श्रेयस अय्यर ने 15 रन बनाए।