Hasan Nawaz Viral Interview: 2026 के भारत-पाकिस्तान फाइनल के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज हसन नवाज एक बार फिर चर्चा में हैं. इसकी वजह उनकी 96 रनों की शानदार पारी के साथ-साथ उनका एक पुराना इंटरव्यू है, जिसकी क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
इस इंटरव्यू में नवाज ने भारतीय गेंदबाजों को लेकर ऐसा बयान दिया था, जिस पर अब सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है.
हसन नवाज का पुराना इंटरव्यू क्यों हो रहा वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पुरानी क्लिप में पाकिस्तानी पत्रकार कादिर ख्वाजा हसन नवाज से पूछते हैं कि वह दुनिया के किस गेंदबाज के खिलाफ बल्लेबाजी करना चाहते हैं या किस गेंदबाज की धुलाई करना चाहते हैं.
इस सवाल पर नवाज ने किसी एक गेंदबाज का नाम नहीं लिया. उन्होंने भारत की पूरी टीम का जिक्र करते हुए कहा था कि
भारतीय टीम के खिलाफ वह सोचते हैं कि इस गेंदबाज को मारना है. इसी दौरान उन्होंने भारतीय टीम के गेंदबाजों को लेकर बेहद तीखी टिप्पणी की और कहा कि उन्हें भारत के हर गेंदबाज से नफरत है.
यही पुराना बयान अब भारत के खिलाफ उनके प्रदर्शन के बाद फिर चर्चा में आ गया है.
भारत के खिलाफ फाइनल में हसन नवाज ने मचाया तहलका
पुराना बयान वायरल होने के बीच हसन नवाज ने भारत के खिलाफ एशियन गेम्स फाइनल में बल्ले से शानदार जवाब दिया. पाकिस्तान को जीत के लिए 212 रनों का लक्ष्य मिला था और टीम की शुरुआत बेहद खराब रही.
पाकिस्तान ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए, लेकिन हसन नवाज ने मोर्चा संभाल लिया. उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 96 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. उन्होंने साइम अयूब के साथ 87 रनों की अहम साझेदारी भी की.
शतक से सिर्फ 4 रन दूर रह गए नवाज
हसन नवाज की पारी का सबसे रोमांचक पल मैच की आखिरी गेंद पर आया. पाकिस्तान को अंतिम ओवर में 33 रन चाहिए थे. नवाज ने ओवर में चौका और छक्का भी लगाया, लेकिन भारतीय गेंदबाज शिवम दुबे ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की.
आखिरी गेंद पर नवाज को शतक के लिए चार रन चाहिए थे. वह बड़ा शॉट लगाने गए, लेकिन विकेट के पीछे संजू सैमसन ने उनका कैच पकड़ लिया. इस तरह नवाज 96 रन पर आउट हो गए और पाकिस्तान की पारी 192/6 पर रुक गई.
भारत ने 19 रन से जीता फाइनल
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाए.
जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी. हसन नवाज ने अकेले पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा रखीं, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में दबाव बनाए रखा. भारत ने मुकाबला 19 रन से जीतकर एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया.