स्वर्ण पदक जीतकर महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, राष्ट्रपति समेत कई हस्तियों ने दी बधाई

ई दिल्ली: जापान के निशिन में खेले गए एशियाई खेल 2026 के एकतरफा खिताबी मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी श्रीलंका को 147 रनों के विशाल अंतर से मात देकर नया इतिहास रच दिया है।

इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने इन खेलों में अपने अभियान का पहला स्वर्ण पदक अपने नाम किया, बल्कि एशियन गेम्स के इतिहास में लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतकर महाद्वीप में अपनी बादशाहत कायम रखी। दीप्ति शर्मा की शानदार गेंदबाजी (3 विकेट) के साथ शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी (2-2 विकेट) के घातक प्रदर्शन के चलते पूरी श्रीलंकाई टीम महज 69 रनों पर ढेर हो गई।

भारत ने खड़ा किया 216 रन का पहाड़

स्मृति मंधाना की विस्फोटक 79 रनों की पारी और शेफाली वर्मा के 48 रनों ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। ऋचा घोष ने 22 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों के साथ 49 रनों की तूफानी पारी खेली।

निर्धारित 20 ओवरों में भारत ने 3 विकेट खोकर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में 217 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजी के आगे पूरी तरह बेबस नजर आई।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी बधाई

भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने दिल खोलकर सराहना की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर बधाई देते हुए कहा कि टीम इंडिया के इस असाधारण प्रदर्शन, अटूट टीम भावना और दृढ़ संकल्प ने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह जीत देश के युवाओं, विशेष रूप से बेटियों के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ इंडिया) के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट कर खिलाड़ियों की योग्यता और आत्मविश्वास की तारीफ की गई। पीएमओ ने लिखा कि इस जीत ने पूरे देश को गर्व करने का अवसर दिया है और यह भारत का खेलों में साल 2026 का पहला स्वर्ण पदक है।

 

 

दिग्गज नेताओं ने सराहा भारतीय बेटियों का हुनर

गृह मंत्री अमित शाह और राकांपा (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने भी टीम को इस अभूतपूर्व सफलता पर शुभकामनाएं दीं। अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा कि मैदान पर बेजोड़ कौशल और अदम्य प्रभुत्व के चकाचौंध भरे प्रदर्शन से भारतीय खिलाड़ियों ने भारत का मान बढ़ाया है। वहीं शरद पवार ने कहा कि भारत की बेटियों ने अपनी लगन, निष्ठा और बेहतरीन टीम वर्क के बूते भारतीय खेल इतिहास में एक और शानदार अध्याय जोड़ दिया है। मैदान पर खिलाड़ियों की इस आक्रामक लय और मैदान के बाहर मिले इस राष्ट्रीय समर्थन ने भारतीय महिला क्रिकेट के एक नए और सशक्त युग का शंखनाद कर दिया है।

Leave a Comment