स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारत ने पहली सीरीज जीती, दूसरे T20I में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंदा

भारत की महिला क्रिकेट टीम ने 18 अक्टूबर को रायपुर में खेले गए दूसरे T20I मुकाबले में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंद दिया. इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर सीरीज अपने नाम कर ली.

रेगुलर कप्तान के तौर पर स्मृति मंधाना ने भी पहली सीरीज जीती. मुकाबले में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने धुआंधार बल्लेबाजी की. स्मृति ने छक्का जड़कर मैच फिनिश किया और टीम इंडिया को शानदार जीत दिलाई.

जिम्बाब्वे ने बनाए 102 रन

भारत के खिलाफ इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी. टीम इंडिया की सटीक बॉलिंग के आगे जिम्बाब्वे की बैटर्स खुलकर नहीं खेल पाईं. मेहमान टीम की तरफ से चिपो मुगेरी-तिरिपानो हाईएस्ट स्कोरर रहीं. उन्होंने 34 रन बनाए.

इसके अलावा, कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 27 रनों पारी खेली. इन दोनों के बाद टीम की कोई बैटर डबल डिजिट में नहीं पहुंची. टीम इंडिया की कसी गेंदबाजी के आगे जिम्बाब्वे की टीम 8 विकेट पर 102 रन बना सकी. भारत की तरफ से निकी प्रसाद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए.

शेफाली और स्मृति के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे

भारत को मैच जीतने के लिए 103 रनों का टारगेट मिला. टीम इंडिया की पारी का आगाज करने शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना आईं. पहले मैच में नाकाम रहीं इन दोनों बैटर्स ने जिम्बाब्वे की बॉलर्स की बखिया उधेड़ दी. शेफाली ने विस्फोटक बैटिंग करते हुए 25 बॉल्स पर 55 रन जड़े. उन्होंने अपनी इनिंग्स में 6 चौके और 4 छक्के उड़ाए.

 

 

 

इस दौरान स्मृति ने भी अपने हाथ खोले. उन्होंने भी आतिशी बैटिंग करते हुए 25 गेंदों पर 47 रन बनाए. कप्तान ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए. इन दोनों बैटर्स ने 103 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए पावरप्ले में स्कोरबोर्ड पर 76 रन टांग दिए.

शेफाली और स्मृति ने पहले विकेट के लिए 96 रनों की पार्टनरशिप की. शेफाली 55 रन बनाकर आउट हुईं. जबकि, स्मृति 47 रन बनाकर नॉट आउट रहीं. इस तरह दोनों बैटर्स की धुआंधार बैटिंग के चलते भारत ने 8.5 ओवर्स में एक विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया.

Leave a Comment