सितंबर में भारतीय क्रिकेट का डबल धमाका: शुभमन गिल और शेफाली वर्मा ने जीता ICC ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड

दुबई : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सितंबर महीने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द Month’ अवॉर्ड का ऐलान कर दिया है। इस बार दोनों ही वर्गों में भारतीय खिलाड़ियों का एकतरफा जलवा देखने को मिला है।

पुरुष वर्ग में जहां भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अपने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के दम पर बाजी मारी, वहीं महिला वर्ग में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया। दोनों वर्गों में मिली यह दोहरी कामयाबी भारतीय क्रिकेट के लिए एक बेहद खास उपलब्धि बन गई है।

शुभमन गिल ने बनाए 333 रन, रचा दोहरा शतक का इतिहास

पुरुष वर्ग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सितंबर महीने में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया। गिल ने शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में कुल 333 रन बनाए। 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम वनडे में उन्होंने 110 रनों की शतकीय पारी खेली, वहीं 30 सितंबर को गुवाहाटी वनडे में उन्होंने 133 गेंदों पर नाबाद 223 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। वेस्टइंडीज के 405 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने महज 62 गेंदों में शतक और 117 गेंदों में वनडे इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ दिया। सफल रन चेज में किसी भी बल्लेबाज का यह सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी बन गया।

गिल ने 5वीं बार जीता यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड, बनाया नया रिकॉर्ड

यह पांचवां मौका है जब शुभमन गिल ने आईसीसी पुरुष ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ का खिताब अपने नाम किया है। इससे पहले वह जनवरी 2023, सितंबर 2023, फरवरी 2025 और जुलाई 2025 में भी यह अवॉर्ड हासिल कर चुके हैं। इस जीत के साथ ही गिल ने पुरुष क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार यह सम्मान जीतने का अपना ही रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया है। अवॉर्ड मिलने पर खुशी जताते हुए गिल ने कहा कि पांचवीं बार यह पुरस्कार जीतना बेहद संतोषजनक है और अपने घरेलू दर्शकों के सामने इस तरह के बड़े रन चेज का हिस्सा बनना हमेशा खास अनुभव देता है।

शेफाली वर्मा का ऑलराउंड धमाल: बल्ले से 360 रन और झटके 6 विकेट

महिला वर्ग में भारत की धाकड़ ओपनर शेफाली वर्मा ने एशिया कप और एशियाई खेलों (नागोया) में अपने हरफनमौला प्रदर्शन से भारत को स्वर्ण पदक और खिताबी जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई। शेफाली ने सितंबर में खेले गए 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 72 की औसत और 184.61 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 360 रन बनाए, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में ठोका गया उनका पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक (49 गेंदों में 100 रन) भी शामिल है। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से 6 विकेट भी चटकाए। यह दूसरी बार है जब शेफाली को आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है।

Leave a Comment