साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ने रचा इतिहास, इमाम-उल-हक का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर बने नंबर-1.

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने गुरुवार, 24 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में इतिहास रच दिया. उन्होंने पाकिस्तान के बल्लेबाज इमाम-उल-हक का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में शुरुआती 14 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया . डरबन के किंग्समीड मैदान पर नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे ब्रीट्जके ने 106 गेंदों में 112 रन की शानदार पारी खेली . इस शतक के साथ उनके वनडे करियर में 14 पारियों के बाद कुल 822 रन हो गए हैं .

27 साल के ब्रीट्जके ने फरवरी 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था. अपने पहले ही मैच में उन्होंने 150 रन की शानदार पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले से पहले उनके नाम 13 पारियों में 710 रन थे. अब उन्होंने 14 पारियों में 822 रन बनाकर इमाम-उल-हक को पीछे छोड़ दिया है. इमाम ने अपने शुरुआती 14 वनडे पारियों में 759 रन बनाए थे.

ब्रीट्जके के नाम दूसरा वनडे शतक, मार्को यानसन के साथ बड़ी साझेदारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रीट्जके का यह वनडे क्रिकेट में दूसरा शतक था. इसके अलावा वह छह अर्धशतक भी लगा चुके हैं. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 14 चौके और 2 छक्के लगाए. छठे विकेट के लिए उन्होंने मार्को यानसन के साथ 107 रन की अहम साझेदारी की. यानसन ने 59 गेंदों में 75 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों की इस साझेदारी ने साउथ अफ्रीका को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

छठे विकेट की साझेदारी में भी बना खास रिकॉर्ड
ब्रीट्जके और यानसन की 107 रन की साझेदारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में साउथ अफ्रीका की छठे विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई. इससे पहले एबी डिविलियर्स और शॉन पोलक ने 5 मार्च 2006 को गकेबरहा में 119 रन जोड़े थे. वहीं, वनडे में साउथ अफ्रीका की छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड मार्को यानसन और हेनरिक क्लासेन के नाम है. दोनों ने 21 अक्टूबर 2023 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 151 रन जोड़े थे. ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने 57 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि एडम जंपा ने 2 और जोश हेजलवुड ने 1 विकेट हासिल किया.

Leave a Comment