संजू सैमसन की वजह से चला अभिषेक शर्मा का बल्ला, काम कर गई गंभीर-सूर्या की चाल

Abhishek Sharma, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज में भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली जीत में अभिषेक शर्मा ने आखिरकार अपनी फॉर्म वापस पाई. टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए ये टूर्नामेंट अभी तक कुछ खास नहीं रहा था. हालांकि, वह अब एक बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहे. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अभिषेक ने 30 गेंदों पर 55 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. यह उनकी टी20 वर्ल्ड कप में पहली अर्धशतकीय पारी थी, जो टीम के लिए बहुत बड़ी राहत साबित हुई.

काम कर गई गंभीर-सूर्या की चाल

इस मैच से पहले अभिषेक का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था, वह लगातार तीन बार 0 पर आउट हुए थे और एक 15 रन की पारी खेली थी. लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर ने एक स्मार्ट बदलाव किया, जो अभिषेक शर्मा के लिए फायदेमंद साबित हुआ. उन्होंने संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में वापस बुलाया और ईशान किशन की जगह ओपनिंग का मौका भी दिया. इस तरह लेफ्ट-हैंडर अभिषेक शर्मा के साथ राइट-हैंडर संजू सैमसन ओपनिंग करने उतरे.

अभिषेक शर्मा को मिला फायदा

यह बदलाव रणनीतिक था. पिछले कुछ मैचों में विरोधी टीमें भारत के टॉप ऑर्डर में दो लेफ्ट-हैंडर ओपनर देखकर ऑफ स्पिनर से गेंदबाजी शुरू कर रही थीं, जिससे अभिषेक स्पिन के खिलाफ फंस जाते थे. लेकिन इस बार संजू सैमसन के राइट-हैंड होने से जिम्बाब्वे को पावरप्ले में ऑफ स्पिनर लगाने का मौका नहीं मिला. ऑफ स्पिनर राइट-हैंडर के खिलाफ उतने प्रभावी नहीं होते, और संजू स्पिन को अच्छा खेलते हैं. नतीजा यह हुआ कि जिम्बाब्वे को तेज गेंदबाजों से शुरुआत करनी पड़ी, जो अभिषेक को सूट करती है.

अभिषेक ने इसका पूरा फायदा उठाया और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. संजू ने भी 15 गेंदों पर 24 रन बनाए, जिसमें शुरुआती छक्के शामिल थे. दोनों ने मिलकर 48 रन की साझेदारी की, जो इस टूर्नामेंट में भारत की अब तक की बेस्ट ओपनिंग साझेदारी बनी. पावरप्ले में भारत ने 80 रन का स्कोर बनाया, जो मजबूत आधार साबित हुआ. इस पारी ने अभिषेक को नई ऊर्जा दी और टीम को 256 रनों का बड़ा स्कोर बनाने में मदद की.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें