श्रीलंका ने मंगलवार को पाकिस्तान को आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर इंग्लैंड की त्रिकोणीय एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शृंखला के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को खत्म कर दिया।
तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 34 रन देकर पांच विकेट झटके जिससे टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम सिर्फ 110 रन पर सिमट गई।
श्रीलंका ने इसके बाद 18.1 ओवर में दो विकेट पर 114 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह मुकाबला दिन-रात का था और गद्दाफी स्टेडियम की फ्लडलाइट के पूरी तरह जलने से पहले ही श्रीलंकाई टीम जीत दर्ज कर चुकी थी।
पाकिस्तान की ओर से बाबर आजम ने 33 गेंदों में 5 चौकौं की मदद से 19 रन बनाए। हसन नवाज ने 31 गेंदों में 17 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच के हीरो रहे शादाब खान पांच गेंदों में सिर्फ दो रन ही बना सके। अराफात मिन्हास ने 18 गेंदों में 10 रन बनाए। कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने 13 गेंदों में 15 रनों की पारी खेली। इन चार बल्लेबाजों के अलावा पाकिस्तान का कोई बैटर दहाई के आंकड़े को नहीं पार कर सका। फखर जमान 5, माज सदाकत 8, विकेटकीपर बल्लेबाज साद बेग 5, सलमान अली आगा 9, हारिस रऊफ 1 और नसीब शाह 2 रन बनाकर आउट हुए। शादाब खान ने भी 2 रन बनाए। पूरी टीम 110 पर ऑलआउट हो गई।
111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की ओर से कामिंदु मेंडिस ने 60 गेंद में नाबाद 62 रन बनाए। उन्हें खाता खोलने से पहले ही विकेटकीपर ने जीवनदान दे दिया था। इसके अलावा 44 रन के निजी स्कोर पर उन्होंने रिव्यू लेकर मैदानी अंपायर के पगबाधा के फैसले को पलटवा दिया। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। अविष्का फर्नांडो ने 16 और पवन रत्नायके ने 23 रनों की पारी खेली। कप्तान और विकेटकीपर कुसल मेंडिस ने 8 रन बनाए।
श्रीलंका ने इससे पहले रावलपिंडी में इंग्लैंड के खिलाफ 430 रन के लक्ष्य का पीछा करके एकदिवसीय इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया था।
शनिवार को पाकिस्तान बनाम श्रीलंका का फाइनल
पाकिस्तान ने इंग्लैंड को दो बार हराकर पहले ही फाइनल में जगह बना ली थी। इनमें रविवार को एक विकेट से मिली रोमांचक जीत भी शामिल है। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले में श्रीलंका को 37 रन से हराया था। पाकिस्तान ने चार मैच में तीन जीत के साथ छह अंक लेकर लीग चरण का समापन किया। दो जीत के साथ चार अंक हासिल कर चुकी श्रीलंकाई टीम शनिवार को होने वाले फाइनल से पहले बृहस्पतिवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।