श्रीलंका ए ने बांग्लादेश ए को 7 विकेट से रौंदा, एशिया कप राइजिंग स्टार्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह

ACC एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में श्रीलंका ए का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने अपने स्पिन गेंदबाजों के दम पर बांग्लादेश ए को महज 145 रन पर समेट दिया और फिर बल्लेबाजों ने बिना किसी परेशानी के लक्ष्य हासिल कर लिया।

श्रीलंका ए ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। खास बात यह रही कि टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने सभी मुकाबले जीतकर अजेय रहते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। बांग्लादेश और  अब सिर्फ एक टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना बाकी है।

दोहा में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ए ने 146 रन का लक्ष्य सिर्फ तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम को जीत तक पहुंचाने में निशान मदुशका और पवन रथनायके की अहम भूमिका रही। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी कर टीम की राह आसान कर दी। मदुशका 51 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रथनायके ने 45 रन की पारी खेली। श्रीलंका ने लक्ष्य हासिल करने के लिए 30 ओवर भी खर्च नहीं किए।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ए की टीम श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने टिक नहीं सकी। टीम 42.5 ओवर में 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। रविंदु फर्नांडो ने अपनी ऑफ स्पिन से बांग्लादेशी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और 30 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर वानुजा सहन ने 20 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

स्पिन के सामने बिखरी बांग्लादेश की बल्लेबाजी

मैच की शुरुआत में बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। परवेज हुसैन और सैफ हसन ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। परवेज ने 32 और कप्तान सैफ ने 28 रन बनाए। हालांकि, आठवें ओवर में स्पिन गेंदबाजी शुरू होते ही बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई।

वानुजा सहन ने इमोन को स्वीप खेलने के प्रयास में कैच आउट कराया और इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 55 रन से छह विकेट पर 100 रन हो गया। शाहादत हुसैन, सैफ हसन और अफीफ हुसैन भी स्पिन के जाल में फंस गए।

बांग्लादेश के गेंदबाज रहे फेल

इफ्ताखर हुसैन ने 31 रन बनाकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन रविंदु फर्नांडो की गेंद पर वह भी विकेट के पीछे कैच दे बैठे। बांग्लादेश की ओर से परवेज और इफ्ताखर ही 30 रन का आंकड़ा पार कर सके। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। लसित क्रूसपुल्ले ने 27 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उनके आउट होने के बाद मदुशका और रथनायके ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों ने बांग्लादेशी गेंदबाजों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और टीम को आसान जीत दिलाकर ही लौटे।

Leave a Comment