इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज रविवार, 27 सितंबर से होने जा रहा है। इस सीरीज के शुरू होने से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका कप्तान शुभमन गिल के रूप में लगा है।
मैच से पहले गिल चोटिल हो गए हैं। IND vs WI वनडे सीरीज का पहला मैच तिरुवनंतपुरम में खेला जाना है। 25 सितंबर को नेट्स में प्रैक्टिस के दौरान मोहम्मद सिराज की एक गेंद शुभमन गिल की कोहनी में लग गई। गेंद इतनी तेज लगी कि कप्तान मैदान पर ही कहराने लगे। उन्हें दर्द में देख साथ बल्लेबाजी कर रहे विराट कोहली और मोहम्मद सिराज ने उनका हाल पूछा। बाद में उन्हें जरूरी उपचार मिले। गिल इसके बाद जब फिर से बैटिंग करने नहीं आए तो हर किसी की टेंशन बढ़ गई।
दर्द से तड़पते दिख शुभमन गिल
नेट्स में इंडिया के कैप्टन मोहम्मद सिराज का सामना कर रहे थे, तभी एक तेज लेंथ बॉल उनकी दाहिनी कोहनी पर लगी। वह दर्द से तड़पते हुए तुरंत चले गए, फिजियोथेरेपिस्ट ने उनका इलाज किया। गिल जब नेट के दूसरी तरफ गए और अपनी कोहनी पकड़कर बैठ गए तो उन्हें और भी ज्यादा दर्द हो रहा था। इंडिया के सपोर्ट स्टाफ ने उनके हाथ पर पट्टी बांध दी, और उन्होंने बाकी ट्रेनिंग सेशन रिकवरी में बिताया। वह दोबारा बैटिंग करने नहीं लौटे।
पिछली सीरीज से पहले भी लगी थी चोट
गिल के पास चोट से उबरने के लिए 24 घंटों से भी ज्यादा का समय है। भारत के लिए उनकी आखिरी सीरीज भी चोट के साथ शुरू हुई थी। पिछले महीने श्रीलंका में नेट्स पर बैटिंग करते समय उनकी रिंग फिंगर में चोट लगने के बाद गिल कुछ समय के लिए बाहर हो गए थे, लेकिन वह समय पर ठीक हो गए और दो टेस्ट मैचों की सीरीज में पूरा हिस्सा लिया।
हालांकि अब सवाल यह है कि अगर गिल की चोट थोड़ी भी गंभीर है तो क्या टीम मैनेजमेंट उन्हें खिलाने का रिस्क लेगा। 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए यह फैसला काफी रिस्की हो सकता है। ऐसे में अगर गिल को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे से रेस्ट देने के बारे में सोचा जाता है तो कप्तानी कौन करेगा?
शुभमन गिल हुए बाहर तो कौन करेगा कप्तानी?
शुभमन गिल को अगर चोट के चलते पहले वनडे से बाहर रखा जाता है तो उनकी गैरमौजूदगी में टीम के उप-कप्तान यानी केएल राहुल कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। राहुल ने पिछले काफी समय से वनडे क्रिकेट में अपने कद को बढ़ाया है। वह मिडिल ऑर्डर का भार उठाने के साथ-साथ विकेट कीपिंग की भी भूमिका अदा करते हैं। उन्हें कप्तानी का भी अच्छा खासा अनुभव है।
केएल राहुल ने वनडे क्रिकेट में भारत के लिए 15 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें टीम इंडिया 10 मैच जीती है, जबकि 5 में हार का सामना करना पड़ा है।
वहीं गिल के बाहर होने पर जाहिर है कि रोहित शर्मा का ओपनिंग पार्टनर भी बदलेगा। ऐसे में यशस्वी जायसवाल हिटमैन के साथ पारी का आगाज करते हुए नजर आ सकते हैं।