दिल्ली सरकार ने टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन को बड़ी जिम्मेदारी दी है. धवन को दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है. दिल्ली के शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद ने मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की उपस्थिति में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन से मुलाकात की. मुलाकात के बाद श्री सूद ने बताया की दिल्ली में 13 फरवरी 2026 से शुरू हो रहे दिल्ली खेल महाकुंभ के लिए श्री शिखर धवन को ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है. सूद ने कहा की धवन ने दिल्ली सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को देखकर दिल्ली के खेलों का ब्रांड एंबेसडर बनने का फैसला लिया है.
खुद आगे आए धवन
आशीष सूद ने कहा की दिल्ली के बच्चों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से श्री धवन ने दो कदम आगे बढ़कर यह जिम्मेदारी स्वीकार की ह.। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री महोदया ने अपने कक्ष में श्री धवन का आभार व्यक्त किया और दिल्ली के खिलाड़ियों के प्रति उनके इस योगदान की सराहना की. शिक्षा मंत्री ने कहा की दिल्ली सरकार, दिल्ली के युवाओं और खिलाड़ियों की ओर से एक अत्यंत सफल खिलाड़ी और प्रेरणादायी व्यक्तित्व शिखर धवन का स्वागत करते हुए गर्व महसूस कर रही है, जिन्होंने अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए दिल्ली के खिलाड़ियों को आगे ले जाने का संकल्प लिया है.
दिल्ली खेल महाकुंभ 13 तारीख से शुरू हो रहा है, जिसके उद्घाटन समारोह से लेकर पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु श्री शिखर धवन की उपस्थिति रहेगी. श्री सूद ने कहा की दिल्ली सरकार को विश्वास है कि श्री धवन के मार्गदर्शन और प्रेरणा से दिल्ली के युवा खिलाड़ियों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और पहचान मिलेगी.
धवन ने कहा-खिलाड़ियों के साथ खड़ा रहूंगा
इस मौके पर शिखर धवन ने कहा कि वो हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा, ‘मुझे बड़ी खुशी है कि दिल्ली खेल महाकुंभ के लिए मुझे ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है. दिल्ली ने मुझे बहुत कुछ दिया है. इस मिट्टी की सेवा करने के लिए मैं हमेशा हाजिर हैं. मुझे बड़ी खुशी है कि दिल्ली सरकार ने इतना अच्छा इनिशिएटिव लिया और यूथ के लिए इतना अच्छा इनिशिएटिव, इतना अच्छा प्लेटफार्म बना रहे हैं ताकि हमारे युवा स्पोर्ट्स में अच्छा करें, डिफरेंट करें. मुझसे स्पोर्ट्स में जितना भी बन पड़ेगा हम पूरा दम लगाएंगे, प्लेयर्स को पूरा सपोर्ट करेंगे.’