शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में मची उथल-पुथल, सलमान आगा और बाबर आजम पर गिरेगी गाज!

T20 World Cup 2026 Pakistan News: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अब कड़े फैसले लेने की तैयारी में है। श्रीलंका के खिलाफ अपने आखिरी मैच में जीत दर्ज करने के बावजूद पाकिस्तान नेट रन-रेट (NRR) के गणित में पिछड़ गया।

सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका को 147 या उससे कम स्कोर पर रोकना था, लेकिन वे ऐसा करने में विफल रहे।

पाकिस्तान का सफर सुपर-8 में ही समाप्त (T20 World Cup 2026 Pakistan News)

इस प्रदर्शन ने न्यूजीलैंड को आगे जाने का मौका दे दिया और पाकिस्तान का सफर सुपर-8 में ही समाप्त हो गया। न्यूज़ एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी टीम के इस प्रदर्शन से बेहद नाराज हैं। सूत्रों का कहना है कि टूर्नामेंट से पहले चयनकर्ताओं, टीम मैनेजमेंट और उनके करीबी सलाहकारों ने नकवी को भरोसा दिलाया था कि टीम वर्ल्ड कप में खिताब की प्रबल दावेदार है। उम्मीदों के विपरीत प्रदर्शन के बाद अब जवाबदेही तय करने का समय आ गया है।

सलमान अली आगा की कप्तानी सवालों के घेरे में

रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान अली आगा को कप्तानी से हटाया जा सकता है। नकवी जल्द ही कप्तानी के भविष्य और टीम में बाबर आजम की भूमिका पर गंभीर चर्चा करेंगे। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार सलमान आगा, बाबर आजम और उस्मान खान जैसे कुछ बड़े खिलाड़ियों का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर अब खतरे में नजर आ रहा है। बोर्ड अब ‘ग्रैजुएल ट्रांजिशन’ की ओर देख रहा है, जिसका सुझाव मुख्य कोच माइक हेसन ने भी दिया है।

 हेसन का मानना है कि अब उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका देने और उन्हें बैक करने का समय आ गया है। कप्तानी की रेस में दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी। बोर्ड एक ऐसे नेतृत्व की तलाश में है जो टीम को नए विजन के साथ आगे ले जा सके। पाकिस्तान ने टूर्नामेंट की शुरुआत नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया जैसी टीमों को हराकर शानदार तरीके से की थी। लेकिन सुपर-8 के चरण में टीम बड़े मैचों में दबाव नहीं झेल पाई।

 

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार ने सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर दी। अंत में श्रीलंका के खिलाफ जीत के बावजूद रन-रेट का समीकरण पाकिस्तान के खिलाफ रहा।

 

Leave a Comment