दलीप ट्रॉफी 2026 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला ईस्ट जोन ने जीत लिया है। ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम ने सेंट्रल जोन को 4 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में 15 वर्षीय युवा सनसनी और ईस्ट जोन के उप- कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड नहीं मिला।
सूर्यवंशी ने पहली पारी में 100 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 92 रन बनाए। मुश्किल पिच और लो स्कोरिंग मैच में उन्होंने दूसरी पारी में भी 40 रनों की पारी खेली। ईस्ट जोन की इस जीत में सूर्यवंशी का अहम योगदान रहा। हालांकि, इसके बावजूद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब नहीं दिया गया, बल्कि उनकी जगह पर तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को यह अवार्ड मिला।
मुकेश कुमार को दिया गया प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड
मुकेश कुमार ने इस पूरे मैच में दमदार गेंदबाजी की और ईस्ट जोन को रजत पाटीदार की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन जैसी मजबूत टीम के खिलाफ जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मुकेश कुमार ने पहली पारी में 16 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 56 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उन्होंने दूसरी पारी में 12 ओवर की गेंदबाजी की जिसमें 44 रन दिए और चार अहम विकेट चटकाए। पूरे मुकाबले में उन्होंने कुल 7 विकेट लिए और वैभव सूर्यवंशी से ऊपर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के लिए चुना गया।
ईस्ट जोन बनाम सेंट्रल जोन सेमीफाइनल-1 का हाल
मैच की बात करें तो रविवार, 30 अगस्त से बीसीसीआई के बेंगलुरू स्थिति सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड- 1 में शुरू हुए मुकाबले में ईस्ट जोन की टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली सेंट्रल जोन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 266 रन बनाए। इसके जवाब में लग रहा था कि ईस्ट जोन की टीम पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करेगी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद इनकी भी पूरी टीम 266 रनों पर ऑलआउट हो गई। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहा। दूसरी पारी में सेंट्रल जोन की टीम ने कुल 158 रन बनाए और ईस्ट जोन के सामने 159 रनों का लक्ष्य रखा। इसे ईस्ट जोन की टीम ने 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
संक्षिप्त स्कोरकार्ड
ईस्ट जोन ने 4 विकेट से जीत हासिल की।
सेंट्रल जोन 266 & 158
ईस्ट जोन- 266 & 162/6
6 सितंबर से खेला जाएगा दलीप ट्रॉफी का फाइनल
बता दें कि दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 6 सिंतबर से चेन्नई के एम. ए. चिंदबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें पूर्वी क्षेत्र का मुकाबला उत्तरी क्षेत्र और दक्षिणी क्षेत्र के बीच खेले जा रहे सेमीफाइनल 2 में जीतने वाली टीम से होगा।