विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी में से कौन भारत का सबसे महान वनडे खिलाड़ी है? अक्सर क्रिकेट फैंस के बीच यह चर्चा का विषय रहता है। हालांकि, भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू ने बेझिझक अपने पसंदीदा सर्वकालिक महान वनडे प्लेयर का चुनाव किया है।
वह वनडे क्रिकेट में ‘चेज मास्टर’ विराट को सचिन और धोनी से ऊपर रखते हैं। सिद्धू ने कहा कि 37 वर्षीय विराट ने लक्ष्य का पीछा करते हुए कमाल की बल्लेबाजी की है। विराट वनडे में 55 शतक लगा चुके हैं, जो इस फॉर्मेट में सर्वाधिक हैं। वह वनडे में 15 हजार रन का आंकड़ा पारी करने वाले दूसरे प्लेयर हैं। उन्होंने यह उपलब्धि हाल ही में तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में हासिल की। कोहली ने तिरुवनंतपुरम वनडे में 88 गेंदों में 10 चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 139 रन बनाए।
‘विराट कोहली ने नंबर 3 पर लगातार…’
सिद्धू ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उनसे पूछा गया कि सचिन, धोनी और विराट में से भारत का सर्वकालिक महान वनडे खिलाड़ी कौन है? जवाब में सिद्धू ने कहा, ”विराट कोहली सबसे आगे हैं। उन्होंने 77, 80 प्रतिशत रन लक्ष्य का पीछा करते हुए बनाए हैं। वह मैच-विनर हैं। धोनी ने भी मैच जिताए हैं, लेकिन वह नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आते थे, जो मुश्किल पोजीशन है। लेकिन नंबर 3 पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करना और मैच जिताना, खासकर लक्ष्य का पीछा करते हुए, कोहली को ‘चेज मास्टर’ बनाता है। कोहली की एक क्रिकेटर के तौर पर सबसे बड़ी ताकत यह है कि उनमें कोई कमजोरी नहीं है। आईपीएल ट्रॉफी रह गई थी, जो अब दो बार जीत चुके हैं। मैं दूसरों को कम नहीं आंक रहा। वे सभी दिग्गज हैं। धोनी एक बेहतरीन कप्तान हैं। लेकिन वनडे क्रिकेट में विराट कोहली हमेशा नंबर वन हैं।”
सचिन से 74 कम पारियों में 15 हजारी बने कोहली
कोहली के नाम वनडे में अभी 15080 रन हैं और वनडे मैचों की घटती संख्या को देखते हुए उनके लिए कुल रन की संख्या में सचिन (18426) को पीछे छोड़ना लगभग असंभव है। अगर 15000 रन तक पहुंचने के लिए इन दोनों बल्लेबाजों की कुल पारियों की संख्या पर गौर करें तो कोहली ने 303 पारियों (315 मैच) में यह उपलब्धि हासिल की जबकि सचिन377 पारियों (387 मैच) में इस मुकाम पर पहुंचे थे। इससे भी अधिक दिलचस्प आंकड़ा यह है कि कोहली ने सचिन की तुलना में 1578 कम गेंद खेलकर यह मुकाम हासिल किया। सचिन ने 15000 रन बनाने के लिए 17528 गेंदों का, जबकि कोहली ने 15950 गेंदों का सामना किया।