विराट वर्ल्ड रिकॉर्ड, वनडे में तीसरे नंबर पर ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच बुधवार को खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में विराट कोहली (Virat Kohli) ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में 12 रन पूरे करते ही वनडे क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे कर लिए हैं।

वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) को पहले ही काफी पीछे छोड़ दिया था। पोंटिंग के नाम वनडे में तीसरे नंबर पर 12,662 रन दर्ज हैं। कोहली ने यह उपलब्धि अपने 254वें मैच में हासिल की।

विराट कोहली (Virat Kohli) लंबे समय से भारतीय वनडे टीम (Indian ODI Team) में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते आ रहे हैं। इस क्रम पर उन्होंने कई यादगार पारियां खेली हैं और अब इसी स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन का आंकड़ा पार कर लिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में जैसे ही उन्होंने 12 रन पूरे किए, उनके नाम यह विश्व रिकॉर्ड (World Record) दर्ज हो गया। कोहली ने वनडे में तीसरे नंबर पर अब तक 254 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 251 पारियों में 13,017 रन बनाए हैं। उनका औसत 61.69 और स्ट्राइक रेट 95.42 का है। इस क्रम पर उनके नाम 48 शतक और 69 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 183 रन है।

वनडे में तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में कोहली के बाद रिकी पोंटिंग दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने अपने करियर में इस क्रम पर 335 मैचों की 330 पारियों में 12,662 रन बनाए थे। उनका औसत 42.48 और स्ट्राइक रेट 80.73 रहा। पोंटिंग ने इस स्थान पर 29 शतक और 74 अर्धशतक लगाए थे।

वनडे में तीसरे नंबर पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

कोहली अब पोंटिंग से 355 रन आगे निकल चुके हैं। इस सूची में श्रीलंका के कुमार संगकारा तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने तीसरे नंबर पर 9,747 रन बनाए थे। दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस 7,774 रन के साथ चौथे और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन 6,504 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

कोहली के नाम तीसरे नंबर पर 48 शतक

इस बल्लेबाजी क्रम पर कोहली की निरंतरता उनके आंकड़ों में भी नजर आती है। उन्होंने 251 पारियों में 48 शतक लगाए हैं। इसके अलावा उनके नाम 69 अर्धशतक हैं। यानी तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए वह कुल 117 बार 50 या उससे अधिक रन की पारी खेल चुके हैं। उनका 61.69 का औसत भी इस क्रम पर उनकी शानदार निरंतरता को दर्शाता है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारत की स्थिति

मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.2 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारत को जीत के लिए 186 रन का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 10.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 54 रन बना लिए थे। रोहित शर्मा छह गेंद खेलने के बाद खाता खोले बिना काइल जेमीसन की गेंद पर आउट हुए।

बारिश के कारण खेल रुकने तक शुभमन गिल 32 गेंदों में 17 रन और विराट कोहली 27 गेंदों में 29 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। कोहली ने अपनी पारी में पांच चौके लगाए थे। भारत को जीत के लिए 132 रन और बनाने थे। इसी दौरान कोहली ने अपने नाम वनडे क्रिकेट का यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज करा लिया।

Leave a Comment