विराट कोहली ने चुना अल्टीमेट वनडे बल्लेबाज, 7 दिग्गजों में सचिन समेत तीन भारतीय; धोनी का नहीं लिया नाम

विराट कोहली का शुमार दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में होता है। वह अनेक वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तोड़ चुके हैं। कोहली के खाते में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड है।

वह इस फॉर्मेट में सबसे तेज 15 हजार रन कंप्लीट करने वाले प्लेयर हैं। उन्हें ‘चेज मास्टर’ कहा जाता है। हालांकि, कोहली से जब दुनिया का अल्टीमेट वनडे बल्लेबाज तैयार करने के लिए कहा गया तो भारत के सुपरस्टार क्रिकेटर ने खुद को नहीं चुना। उन्होंने 7 दिग्गजों की अलग-अलग खूबियों को लेकर ड्रीम प्लेयर बनाया है। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर एमएस धोनी का नाम नहीं लिया।

सहवाग का इस शॉट के लिए जिक्र

37 वर्षीय कोहली ने स्टार स्पोर्ट्स पर अपने अनुसार दुनिया का सबसे परफेक्ट बल्लेबाज तैयार किया। उन्होंने स्ट्रेट ड्राइव शॉट के लिए बिना किसी हिचकिचाहट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को चुना। कोहली ने कवर ड्राइव के लिए श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा और फ्लिक शॉट के लिए भारत के पूर्व दिग्गज राहुल द्रविड़ का नाम लिया। कोहली ने कट शॉट के लिए पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग को चुना। उन्होंने स्वीप शॉट के लिए बल्लेबाज चुनने में कुछ सेकंड लिए और इसे ‘मुश्किल फैसला’ बताया। उन्होंने फिर स्वीप के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को तरजीह दी।

कोहली ने RCB के दो पूर्व साथी चुने

वहीं, कोहली ने छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ बैटर क्रिस गेल को चुना। गेल आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए कोहली के साथ खेल चुके। कोहली से जब रनिंग बिटवीन द विकेट्स के लिए खिलाड़ी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सभी को चौंकाया। धोनी विकेटों के बीच सबसे तेज दौड़ने के लिए मशहूर रहे हैं लेकिन कोहली ने उनकी बजाय अपने दोस्त और आरसीबी के पूर्व साथी खिलाड़ी एबी डिविलियर्स का नाम लिया। साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज डिविलियर्स 2011 से 2021 तक आरसीबी का हिस्सा रहे।

स्ट्रेट ड्राइव – सचिन तेंदुलकर (भारत)

कवर ड्राइव – कुमार संगकारा (श्रीलंका)

फ्लिक शॉट – राहुल द्रविड़ (भारत)

कट शॉट – वीरेंद्र सहवाग (भारत)

स्वीप शॉट – मैथ्यू हेडन (ऑस्ट्रेलिया)

सिक्स-हिटिंग – क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)

रनिंग बिटवीन द विकेट्स – एबी डिविलियर्स (साउथ अफ्रीका)

 

 

कोहली ने तिरुवनंतपुरम में काटा गदर

कोहली इन दिनों वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में खेल रहे हैं। भारत ने तिरुवनंतपुरम में पहला मैच 8 विकेट से जीता, जिसमें कोहली ने दमदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 9 छक्के हैं। यह उनका वनडे में 55वां और इंटरनेशनल क्रिकेट में 86वां शतक था। वह एक देश में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले प्लेयर बन चुके हैं। उन्होंने भारत में 7000 वनडे रन कंप्लीट कर लिए हैं। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा वनडे बुधवार को गुवाहाटी में आयोजित होगा।

Leave a Comment