वह घमंडी और अकड़ू थे, बेस्ट फ्रेंड विराट कोहली को लेकर एबी डिविलियर्स का बड़ा खुलासा, बताया- समय के साथ कैसे बदले

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स बहुत अच्छे दोस्त हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए दोनों ने मैदान पर कई यादगार पारियां खेलीं।

हालांकि, इस गहरी दोस्ती की शुरुआत इतनी शानदार नहीं थी। डिविलियर्स ने अब खुलासा किया है कि जब वह पहली बार कोहली से मिले थे, तो उन्हें भारतीय बल्लेबाज कुछ घमंडी और अकड़ू लगे थे। लेकिन समय के साथ उनकी यह धारणा पूरी तरह बदल गई।

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने एक पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान विराट कोहली के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि युवा कोहली का आत्मविश्वास पहली मुलाकात में उन्हें कुछ ज्यादा लगा था। डिविलियर्स के मुताबिक, कोहली उस समय काफी आत्मविश्वास से भरे हुए थे और मैदान पर उनका अंदाज भी अलग था।

विराट में खुद को देख रहे थे डिविलियर्स

डिविलियर्स ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार इस बारे में बात की है और कोहली को खुद भी अपनी इस धारणा के बारे में बता चुके हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके कहने का मतलब कोहली के व्यक्तित्व की आलोचना करना नहीं था। उन्हें विराट में अपना ही प्रतिस्पर्धी स्वभाव नजर आया था।

विराट के अंदर दिखी जीतने की जबरदस्त भूख

डिविलियर्स ने बताया कि कोहली को करीब से जानने के बाद उन्हें समझ आया कि उनका आत्मविश्वास दरअसल क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने और अपनी टीम को जीत दिलाने की इच्छा से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि कोहली अपने देश के लिए मैच जीतना चाहते थे और उनका पूरा ध्यान अच्छा प्रदर्शन करने पर रहता था। शुरुआत में जो बात उन्हें अकड़ जैसी लगी थी, वह वास्तव में कोहली का प्रतिस्पर्धी रवैया था। डिविलियर्स के मुताबिक, जब उन्होंने विराट को एक इंसान के तौर पर बेहतर तरीके से समझा, तो उनके प्रति सम्मान और बढ़ गया। इसके बाद दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई।

समय के साथ बदल गया विराट का अंदाज

डिविलियर्स का मानना है कि विराट कोहली के व्यक्तित्व में समय के साथ काफी बदलाव आया। उनके शुरुआती करियर में खुद को साबित करने की भूख बहुत ज्यादा थी। जैसे-जैसे वह बड़े खिलाड़ी बने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत करते गए, उनका व्यक्तित्व भी अधिक संतुलित होता गया। उन्होंने यह भी माना कि कम उम्र में सफलता हासिल करने के लिए अपने ऊपर भरोसा होना जरूरी है। हालांकि, समय के साथ उस आत्मविश्वास को सही तरीके से संभालना भी उतना ही अहम होता है।

आरसीबी में बनी दोनों की यादगार जोड़ी

विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने आरसीबी के लिए खेलते हुए कई शानदार साझेदारियां कीं। दोनों की बल्लेबाजी और आपसी तालमेल ने टीम को कई मुकाबलों में मजबूत स्थिति में पहुंचाया। मैदान के बाहर भी उनकी दोस्ती क्रिकेट फैंस के बीच काफी लोकप्रिय रही। डिविलियर्स अब आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन कोहली अभी भी खेल रहे हैं और उनका ट्रॉफी जीतने का सपना भी पूरा हो चुका है।

Leave a Comment