नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय पुरुष चयन समिति ने टीम में बड़ा बदलाव किया है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी को सीरीज के पहले तीन वनडे मुकाबलों के लिए भारतीय स्क्वाड में शामिल कर लिया गया है।
आकिब नबी को शुरुआती चयन में सिर्फ चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम में चुना गया था लेकिन तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के चोटिल होने के कारण उन्हें अब सीरीज की शुरुआत से ही स्क्वाड का हिस्सा बनाया गया है।
आकिब नबी को टीम में किया शामिल
आकिब नबी के लिए यह एक बड़ा मौका माना जा रहा है। घरेलू क्रिकेट में अपनी शानदार गेंदबाजी से छाप छोड़ने वाले इस तेज गेंदबाज को अब शुरुआती मुकाबलों से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा। पहले तीन वनडे के लिए चुनी गई टीम में शुभमन गिल कप्तान की भूमिका में होंगे जबकि श्रेयस अय्यर टीम के उप-कप्तान हैं।
मोहम्मद शमी को फिर किया इग्नोर
हालांकि, इस टीम चयन के साथ ही एक बार फिर अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को नजरअंदाज किया जाना चर्चा का विषय बन गया है। शमी के लगातार टीम से बाहर रहने पर सेलेक्टर्स के फैसलों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों को उम्मीद थी कि अनुभवी तेज गेंदबाज के रूप में उनकी टीम में वापसी होगी लेकिन चयनकर्ताओं ने युवा और नए चेहरों पर ही अपना भरोसा बरकरार रखा है।
नए खिलाड़ियों के कंधों पर जिम्मेदारी
भारतीय टीम इस सीरीज के जरिए अपने नए तेज गेंदबाजी आक्रमण को आजमाने के मूड में दिख रही है। पहले तीन वनडे मुकाबलों के लिए अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, गुरनूर ब्रार, अंशुल कंबोज और आकिब नबी के रूप में तेज गेंदबाजी विभाग तैयार किया गया है। इसके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी को सिर्फ पहले वनडे मैच के लिए ही टीम में रखा गया है।
सीरीज के आखिरी दो (चौथे और पांचवें) वनडे मुकाबलों के लिए टीम में बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा, जहां श्रेयस अय्यर कप्तानी का जिम्मा संभालेंगे और ईशान किशन उप-कप्तान की भूमिका में होंगे। इसमें तिलक वर्मा, कुमार कुशाग्र और यश ठाकुर जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
भारत का अपडेटेड वनडे स्क्वाड (पहले तीन वनडे के लिए):
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर ब्रार, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी (केवल पहले वनडे के लिए), आकिब नबी
भारत का वनडे स्क्वाड (चौथे और पांचवें वनडे के लिए):
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप-कप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर ब्रार, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव