लगातार 7 मैच हारा, आखिरी मुकाबला 42 रन से गंवाया फिर भी विश्व कप क्वालीफायर में पहुंचा ओमान, 3 टीमें पहले ही बना चुकी हैं जगह

दुबई: ओमान 2027 वनडे विश्व कप क्वालीफायर में जगह बनाने वाली चौथी टीम बनी है। इससे पहले अमेरिका, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड की टीमें क्वालिफायर में जगह बना चुकी हैं। ओमान को अपने आखिरी 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।

बुधवार को आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 का आखिरी मुकाबला खेला गया। इस मैच में भी यूएई ने ओमान को 42 रन से हरा दिया। इसके बावजूद बेहतर नेट रनरेट के आधार पर टीम ने क्वालीफायर के लिए सीधे प्रवेश हासिल कर लिया। ओमान और नामीबिया दोनों के खाते में 33-33 अंक रहे, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के कारण ओमान अंक तालिका में आगे रहा।

दुबई में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 226 रन बनाए। कप्तान राहुल चोपड़ा और अदीब उस्मानी ने 47-47 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि बासिल हमीद ने 43 रन का योगदान दिया। ओमान की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर शकील अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 42 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

 

 

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाया ओमान

227 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने एक समय 28 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। यूएई के गेंदबाज मुहम्मद रोहिद ने शुरुआती दो विकेट लेकर ओमान पर दबाव बना दिया। हालांकि, मुजीब उर अली ने 65 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। इसके बावजूद ओमान की टीम 9 विकेट पर 184 रन ही बना सकी और 42 रन से मैच हार गई।

चार टीमें सीधे ग्लोबल क्वालीफायर में

लीग-2 से अमेरिका, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और ओमान ने सीधे 10 टीमों के ग्लोबल क्वालीफायर में प्रवेश किया है। वहीं, लीग-2 की अन्य चार टीमें नामीबिया, कनाडा, नेपाल और यूएई अब क्वालीफायर प्लेऑफ में अपनी चुनौती पेश करेंगी। आठ टीमों के इस प्लेऑफ में इटली, जर्सी, कुवैत और युगांडा भी शामिल होंगे। जर्सी और कुवैत ने चैलेंज लीग-ए, जबकि इटली और युगांडा ने चैलेंज लीग-बी के जरिए जगह बनाई है। प्लेऑफ से चार टीमें ग्लोबल क्वालीफायर के लिए आगे बढ़ेंगी।

ग्लोबल क्वालीफायर से तय होंगी अंतिम चार टीमें

10 टीमों का ग्लोबल क्वालीफायर 2027 वनडे विश्व कप में बची हुई चार जगहों का फैसला करेगा। इस टूर्नामेंट में पहला स्थान हासिल करने वाली टीम को विश्व कप के ग्रुप चरण में सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें नए प्रारूप की सुपर सीरीज में पहुंचेंगी। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक होगा। इस टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 12 मैदानों पर 57 मुकाबले खेले जाएंगे।

Leave a Comment