न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय टीम ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में पांच विकेट से जीत दर्ज की। टीम इंडिया की इस जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई, जबकि विराट कोहली ने बल्ले से शानदार योगदान दिया।
कप्तान शुभमन गिल की नजर में मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट रोहित शर्मा की फुर्ती थी, जिसने न्यूजीलैंड की मजबूत होती साझेदारी को तोड़ दिया।
मैच के बाद गिल ने साफ कहा कि रोहित भाई के उस रन आउट ने मुकाबले का रुख बदल दिया। उनकी इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय टीम के लिए यह विकेट कितना अहम था। गिल ने जीत के बाद रोहित शर्मा की तारीफ की।
रोहित ने एक ही पल में तोड़ी न्यूजीलैंड की साझेदारी
न्यूजीलैंड की पारी का 22वां ओवर चल रहा था। अक्षर पटेल गेंदबाजी कर रहे थे और उनकी गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने लेग साइड की तरफ शॉट खेलकर सिंगल लेने की कोशिश की। इस दौरान फिलिप्स और डेरिल मिचेल के बीच तालमेल की कमी दिखाई दी।
रोहित शर्मा ने मौके को भांपते हुए तेजी से गेंद उठाई और विकेटकीपर केएल राहुल की तरफ थ्रो कर दिया। राहुल ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद पकड़ी और तुरंत स्टंप्स की गिल्लियां बिखेर दीं। मिचेल क्रीज से बाहर रह गए और न्यूजीलैंड ने विकेट गंवा दिया।
शुभमन गिल ने रोहित को दिया श्रेय
मैच के बाद शुभमन गिल ने कहा कि हमारी गेंदबाजी बहुत अच्छी रही और फील्डिंग भी शानदार थी। रोहित भाई का वह रन आउट, मुझे लगता है कि उसने मैच का मोमेंटम बदल दिया। वह साझेदारी अहम थी, क्योंकि भारत में भी इन दोनों बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी की थी। कुल मिलाकर यह पूरी टीम का शानदार प्रदर्शन था।
गेंदबाजों के लिए गिल की कैसी रही प्रतिक्रिया?
गिल ने सिर्फ रोहित की फील्डिंग की तारीफ नहीं की, बल्कि युवा गेंदबाजों के प्रदर्शन को भी सराहा। उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच बने अंशुल कंबोज को इन परिस्थितियों के लिए बेहतरीन गेंदबाज बताया। गिल ने कहा कि कंबोज गेंद को स्विंग और सीम कराने के साथ पुरानी गेंद से भी प्रभावी रहते हैं।