रणजी ट्रॉफी राउंड-3 पहला दिन: आयुष बदोनी-मुशीर खान समेत इन बल्लेबाजों ने जड़ा शतक, सारांश जैन ने चटकाए 7 विकेट

रणजी ट्रॉफी 2026/27 राउंड 3 के मैच देश के अलग-अलग हिस्सों में खेले जा रहे हैं। आज मुकाबलों का पहला दिन था, जहां कई बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से टीमों को बेहतर स्थिति में पहुंचाया है।

आयुष बदोनी अंगकृष रघुवंशी जैसे बल्लेबाजों ने शतक जड़ा है। हाल ही में भारतीय टीम के लिए श्रीलंका दौरे के लिए चयनित किए गए सारांश जैन ने मध्य प्रदेश के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट लिए। मध्य प्रदेश ने बिहार पर बढ़त बनाई है तो मुंबई झारखंड के सामने मजबूत स्थिति में है। कर्नाटक ने त्रिपुरा पर बढ़त बना ली है। मुशीर खान ने मुंबई के लिए शतक जड़ा है और हरियाणा के सामने अपनी टीम को विशाल बढ़त दिलाई है। आज के मैचों की बड़ी हाइलाइट्स पढ़िए।

चेन्नई में जुबैर अली की 75 रन की पारी और हिमांशु सांगवान के साथ दसवें विकेट के लिए उनकी 61 रन की साझेदारी के बावजूद तमिलनाडु के खिलाफ रेलवे की टीम पहली पारी में 184 रन पर आउट हो गई। इसके जवाब में तमिलनाडु ने दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 71 रन बना लिए थे और वह पहली पारी के आधार पर 113 रन से पीछे है। देहरादून में उत्तराखंड ने देवेंद्र बोरा (72 रन पर छह विकेट) के छह विकेट की बदौलत राजस्थान को 272 रन पर आउट करने के बाद दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 18 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर वह राजस्थान से 254 रन पीछे है। अपने शुरुआती दोनों मैच गंवाने वाली चंडीगढ़ की टीम ने तीसरे दौर के मुकाबले में शानदार शुरुआत की। टीम ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 363 रन बना लिए थे। चंडीगढ़ की ओर से अर्जुन आजाद ने 146 रन बनाए जबकि नेहल पजनी 126 रन बनाकर खेल रहे हैं। विजयवाड़ा में एक अन्य मैच में छत्तीसंगढ़ ने जयंत यादव (75 रन देकर चार विकेट) और अजय मंडल (56 रन देकर तीन विकेट) की मदद से आंध्र को 231 रन पर समेट दिया जिसके लिए राहुल सीराम ने 89 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। छत्तीसगढ़ ने स्टंप तक एक विकेट खोकर 35 रन बना लिए थे। वहीं सिकंदराबाद में पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह (81 रन), रमनदीप सिंह (52 रन) और सलील अरोड़ा (नाबाद 57 रन) के अर्धशतकों से हैदराबाद के खिलाफ स्टंप तक पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 289 रन बना लिए। हैदराबाद के लिए रक्षण रेड्डी ने 53 रन देकर दो विकेट हासिल किए। राजकोट में असम ने दानिश दास (90 रन) और शिवशंकर रॉय (नाबाद 59 रन) के अर्धशतकों की बदौलत सौराष्ट्र के खिलाफ स्टंप तक 93 ओवर में छह विकेट गंवाकर 235 रन बना लिए थे।

आयुष बदोनी का नाबाद शतक, दिल्ली ने बनाये पांच विकेट पर 309 रन

कप्तान आयुष बदोनी (नाबाद 106) की शतकीय और सुमित माथुर (नाबाद 50) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से दिल्ली ने झारखंड के खिलाफ पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय पांच विकेट पर 309 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली के लिए प्रियांश आर्य और सनत सांगवान की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। 19वें ओवर में के. कुरैशी ने प्रियांश आर्य (39) रन को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद 35वें ओवर उत्कर्ष सिंह ने सतन सांगवान (37) रन को बोल्ड कर दिल्ली को दूसरा झटका दिया। यश ढुल (29) और आयुष डोसेजा (21) रन बनाकर आउट हुये। अनुज रावत (18) को उत्कर्ष सिंह ने आउट किया। एक समय में दिल्ली ने 181 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिये थे। इसके बाद सुमित माथुर ने आयुष बदोनी के साथ पारी को संभाला। इस दौरान आयुष बदोनी ने अपना शतक पूरा और सुमित माथुर ने अपना अर्धशतक पूरा किया। पहले दिन स्टंप के समय दिल्ली ने पांच विके टपर 309 रन बना लिये हैं। आयुष बदोनी (नाबाद 106) और सुमित माथुर (नाबाद 50) क्रीज पर मौजूद है। झारखंड के लिए कुनैन क़ुरैशी और उत्कर्ष सिंह ने दो-दो विकेट लिये। अनुकूल रॉय ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

सारांश ने झटके सात विकेट, सक्षम पुरोहित के नाबाद शतक से मप्र ने 162 रनों बनाई बढ़त

सारांश जैन (सात विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद सक्षम पुरोहित (नाबाद 113) रनों की शानदार पारी की बदौलत मध्य प्रदेश ने बिहार के खिलाफ स्टंप्स के समय तीन विकेट पर 261 रन बनाने के साथ ही 162 रनों की बढ़त बना कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

बिहार को 99 रन पर समेटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी मध्य प्रदेश के लिए यश दुबे और सक्षम पुरोहित की सलामी जोड़ी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट लिए 146 रन जोड़े। 28वें ओवर में सूरज कश्यप ने यश दुबे (84) रन को आउट कर बिहार को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद चंचल राठौड़ (28) और शुभम शर्मा (शून्य) पर आउट हुये। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला और पुरोहित के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को बड़ी बढ़त की ओर ले गये। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय मध्यप्रदेश ने तीन विकेट पर 261 रन बनाकर 162 रन की बढ़त अर्जित कर ली है। सक्षम पुरोहित (नाबाद 113) और रजत पाटीदार (नाबाद (21) रन क्रीज पर मौजूद है।

इससे पहले आज इंदौर में मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार को 99 रन के स्कोर पर समेट दिया था। बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बिहार की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र एक रन पर अपने दो विकेट गंवा दिये। नमन गौरव और शरमन निगरोध को आवेश खान ने पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद मध्य प्रदेश के गेंदबाजी आक्रमण के आगे बिहार के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके और अपने विकेट गंवाते रहे। मंगल महरौर ने बिहार के लिए सर्वाधिक (42) रनों की पारी खेली। वह 31वें ओवर में बिहार के आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुये। उनके अलावा सूरज कश्यप (15) ही दहाई आंकड़े तक पहुंच सके। मध्य प्रदेश की ओर से सारांश जैन ने 13 ओवरों में 40 रन देकर सात विकेट झटके। आवेश खान को दो विकेट मिले। कुमार कार्तिकेय ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

शेट्टी और मनवंत की शानदार गेंदबाजी, कर्नाटक ने त्रिपुरा को 194 रन पर समेटा

मैसुरु में बाएं हाथ के स्पिनर शिखर शेट्टी के पांच विकेट से कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप-बी मुकाबले के पहले दिन सोमवार को अनुभवहीन त्रिपुरा को पहली पारी में 194 रन पर समेट दिया। शेट्टी ने 54 रन देकर पांच विकेट लिए। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने तीसरी बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया। उनकी शानदार गेंदबाजी ने कर्नाटक को त्रिपुरा को पहली पारी में 200 रन के अंदर समेटने में मदद की। दिन का खेल समाप्त होने तक कर्नाटक ने एक विकेट गंवाकर 10 रन बना लिए थे। पूर्व कप्तान मयंक अग्रवाल तेज गेंदबाज अभिजीत सरकार का शिकार बने। कर्नाटक की टीम अब भी त्रिपुरा से 184 रन पीछे है। इक्कीस वर्षीय शेट्टी को तेज गेंदबाज मनवंत कुमार का अच्छा साथ मिला जिन्होंने 23 रन देकर तीन विकेट झटके। मनवंत ने पिछले सप्ताह सौराष्ट्र के खिलाफ मुश्किल परिस्थिति में कर्नाटक को संभाला था। उन्होंने अपने दूसरे ही प्रथम श्रेणी मैच में संघर्षपूर्ण शतक जड़कर टीम को संकट से उबारा था।

कर्नाटक के दोनों गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाकर रखा जिसके सामने त्रिपुरा के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। त्रिपुरा की पहली पारी में सबसे बड़ी साझेदारी बिक्रमकुमार दास और ऋतुराज घोष रॉय के बीच हुई। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 47 रन जोड़े। दास ने 51 रन बनाए जबकि घोष रॉय ने 13 रन का योगदान दिया। तेज गेंदबाज विशाक विजयकुमार ने दास को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। निचले क्रम में बिक्रम देबनाथ ने नाबाद 33 रन बनाकर संघर्ष किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और त्रिपुरा की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। त्रिपुरा को हालांकि मयंक अग्रवाल का विकेट लेकर कुछ राहत जरूर मिली है। अब उसे दूसरे दिन कर्नाटक पर दबाव बनाने के लिए सुबह के सत्र में जल्द विकेट हासिल करने होंगे।

रघुवंशी और मुशीर के शतक, मुंबई ने हरियाणा के खिलाफ तीन विकेट पर 290 रन बनाए

मुंबई में अंगकृष रघुवंशी (114) और मुशीर खान (109) के शानदार शतक की मदद से मुंबई ने सोमवार को हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन तीन विकेट पर 290 रन बनाकर मजबूत स्कोर की ओर कदम बढ़ाए। रघुवंशी ने अपना पहला प्रथम श्रेणी शतक जड़ा जबकि मुशीर ने टूर्नामेंट में तीसरी बार 50 से अधिक रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 208 रन की साझेदारी करके मुंबई की पारी को मजबूती दी। मुंबई को दिव्यांश सक्सेना (10) के जल्दी आउट होने से शुरुआती झटका लगा लेकिन सलामी बल्लेबाज रघुवंशी और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मुशीर ने तेज गर्मी और उमस के बीच शानदार शतक लगाकर मेजबान टीम को संभाल लिया। रघुवंशी ने 180 गेंद का सामना करते हुए 13 चौके और एक छक्का जड़ा जबकि मुशीर ने 185 गेंद की अपनी पारी में चौके और एक छक्का मारा। दिन का खेल समाप्त होने पर कप्तान सिद्धेश लाड 29 और सरफराज खान 20 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

Leave a Comment