नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने आगामी रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम चयन में सबसे बड़ा और चौंकाने वाला नाम तेज गेंदबाज यश दयाल का है जिनकी लंबे समय बाद लाल गेंद के क्रिकेट में वापसी हुई है।
चयनकर्ताओं ने आर्यन जुयाल पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम का कप्तान नियुक्त किया है जबकि विकेटकीपिंग का जिम्मा भी वही संभालेंगे।
यश दयाल की हुई वापसी
टीम में सबसे ज्यादा ध्यान यश दयाल के नाम ने खींचा है। आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले यश दयाल यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में घिरने के बाद से ही क्रिकेट के मैदान से दूर चल रहे थे। आईपीएल 2025 के फाइनल के बाद से उन्होंने किसी तरह का क्रिकेट नहीं खेला है। इन विवादों और व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए आरसीबी ने उन्हें आईपीएल 2026 के सीजन के लिए भी रिटेन नहीं किया था और टीम से बाहर कर दिया था।
छत्तीसगढ़ जाने की भी थी बात
क्रिकेट से लंबे ब्रेक के दौरान यश दयाल के छत्तीसगढ़ टीम में जाने की चर्चाएं तेज थीं। वह छत्तीसगढ़ के प्री-सीजन कैंप का हिस्सा भी बने थे और एनओसी से जुड़े कागजी काम भी पूरे किए जा रहे थे। हालांकि, आखिरी वक्त में उनकी गृह संस्था यानी उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ ने उन्हें अपनी रणजी टीम में चुनकर इन सभी अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया। इससे पहले यश दयाल जून में गाजियाबाद प्रीमियर लीग टी20 टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आए थे।
आर्यन जुयाल होंगे कप्तान
दूसरी ओर, टीम की कमान संभाल रहे आर्यन जुयाल के कंधों पर युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन को बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। आर्यन एक प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं जिन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उनके अलावा टीम में रिंकू सिंह, प्रियंक गर्ग और करण शर्मा जैसे मजबूत और आक्रामक बल्लेबाजों को जगह दी गई है जो मध्यक्रम को स्थिरता प्रदान करेंगे।
ये खिलाड़ी भी शामिल
इस टीम चयन में दो और अहम नाम सामने आए हैं। 29 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह को पहली बार उत्तर प्रदेश की प्रथम श्रेणी टीम में शामिल किया गया है जिन्होंने अब तक एक भी फर्स्ट-क्लास मैच नहीं खेला है। वहीं, लेग स्पिनर जीशान अंसारी की 6 साल के लंबे अंतराल के बाद यूपी की रेड-बॉल टीम में वापसी हुई है। जीशान ने हाल ही में जुलाई में गॉल में श्रीलंका ए के खिलाफ इंडिया ए के लिए चार दिवसीय मैच खेला था।
उत्तर प्रदेश रणजी ट्रॉफी स्क्वॉड:
आर्यन जुयाल (कप्तान/विकेटकीपर), रिंकू सिंह, अभिषेक गोस्वामी, आराध्य यादव, करण शर्मा, माधव कौशिक, आदित्य शर्मा, सिद्धार्थ यादव, प्रशांत वीर, कार्तिक यादव, जीशान अंसारी, वंश चौधरी, यश दयाल, प्रियम गर्ग, अभिनंदन सिंह, कार्तिक त्यागी।