मोहम्मद शमी ने सिलेक्टर्स के सामने मानी हार! टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, 13 साल के करियर को कहा अलविदा

Mohammed Shami Test Retirement: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर कर अपने 13 साल के करियर को अलविदा कहा.

मोहम्मद शमी अब कभी भारत के लिए सफेद जर्सी में खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे. इसी के साथ भारतीय टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजी के एक गोल्डन चैप्टर का अंत हो गया है.

मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने भारत के लिए 6 नवंबर 2013 को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. अब 6 नवंबर 2026 को उन्होंने अपने टेस्ट करियर को अलविदा कहने का फैसला लिया. हालांकि वह अभी भी व्हाइट बॉल फॉर्मेट में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में खेलते दिखाई देंगे. शमी ने आखिरी बार भारत के लिए साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था.

मोहम्मद शमी ने शेयर किया भावुक वीडियो

36 साल के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर किया. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘मैं सफेद जर्सी को अलविदा कह रहा हूं, लेकिन इससे जुड़ी यादों को कभी नहीं. जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तो मेरे मन में सिर्फ एक ही सपना था. अपने देश के लिए कुछ करना. तब से लेकर आज तक, हर एक विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया है. टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं रहा, यह मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है.’

मोहम्मद शमी ने अपने उनके करियर में साथ देने के लिए तमाम साथियों का भी शुक्रिया कहा. उन्होंने आगे लिखा, ‘आज भारी दिल और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला कर रहा हूं. इस सफर में मेरा साथ देने वाले हर टीम मेट, कोच, परिवार और उन करोड़ों भारतीयों का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने अच्छे और मुश्किल दोनों वक्त में मेरा साथ दिया और मुझ पर भरोसा बनाए रखा.’

 

मोहम्मद शमी का टेस्ट करियर

मोहम्मद शमी का टेस्ट करियर बेहद शानदार रहा. उन्होंने साल 2013 से 2026 तक भारत के लिए कुल 64 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 229 विकेट चटकाए. शमी ने टेस्ट क्रिकेट में 6 बार 5 विकेट हॉल लिए. उनका पारी में बेस्ट प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2018 में पर्थ में आया था, जब उन्होंने 56 रन देकर 6 विकेट लिए थे. मोहम्मद शमी टेस्ट में 200 से ज्यादा विकेट लेने वाले 5वें भारतीय तेज गेंदबाज हैं.

मोहम्मद शमी ने टेस्ट में भारत के लिए गेंद के अलावा बल्ले से भी कई बार अहम योगदान किया. इंग्लैंड के खिलाफ साल 2021 में लॉर्ड्स टेस्ट में शमी ने नाबाद 56 रनों की पारी खेली थी. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 750 रन दर्ज हैं.

Leave a Comment