मोहम्मद आमिर ने IPL खेलने की खबरों पर तोड़ी चुप्पी, एक पोस्ट में दे दिया हर सवाल का जवाब

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर आईपीएल में नहीं खेलेंगे। ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने के बाद आमिर के आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन में शामिल होने की खबरें सामने आई थीं।

हालांकि, अब खुद आमिर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इन खबरों को गलत बता दिया है। 34 वर्षीय आमिर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘सभी को नमस्कार, मैं बस आईपीएल को लेकर चल रही खबरों को स्पष्ट करना चाहता हूं। ये खबरें सही नहीं हैं।’ आमिर के इस पोस्ट के बाद आईपीएल में खेलने को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।

मोहम्मद आमिर को मई 2026 में ब्रिटिश नागरिकता मिली थी। इसके बाद उनके फ्रेंचाइजी क्रिकेट करियर को लेकर नई संभावनाएं बनने लगी थीं। हाल ही में उन्होंने ब्रिटिश नागरिक के तौर पर अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के ड्राफ्ट के लिए अपना नाम दर्ज कराया। आमिर का नाम एपीएल ड्राफ्ट में प्लेटिनम कैटेगरी में शामिल किया गया है। यह खबर के सामने आने के बाद चर्चा शुरू हुई कि वह आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन में भी अपना नाम दे सकते हैं। हालांकि, आमिर ने खुद इन खबरों को खारिज कर दिया।

अजहर महमूद ने अपनाया था यही तरीका

पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद ने ब्रिटिश नागरिकता लेने के बाद आईपीएल के लिए आवेदन किया था और वह आईपीएल में खेले भी थे। वह 2012 से 2015 के बीच किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे। ऐसे में आमिर को ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद माना जा रहा था कि वह भी आईपीएल के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।

 

 

 

इंग्लैंड में घरेलू खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं आमिर

ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद आमिर इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट मैच में स्थानीय खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं। वह 2026 टी20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर और द हंड्रेड में ट्रेंट रॉकेट्स का हिस्सा रहे। हालांकि, अब वह पाकिस्तान सुपर लीग के 2027 सीजन में विदेशी खिलाड़ी के रूप में खेलेंगे।

2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया था संन्यास

मोहम्मद आमिर ने 2024 टी20 विश्व कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 मैच खेले। तीनों फॉर्मेट में उनके नाम कुल 259 विकेट हैं। फिलहाल आमिर फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय हैं। आमिर ने भले ही आईपीएल में खेलने से मना कर दिया है, लेकिन अगर वह आईपीएल ऑक्शन में अपना नाम दे देते हैं तो उनके पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए किसी को हैरानी नहीं होगी।

Leave a Comment