नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग के लिए यूके के नागरिक के तौर पर अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। 34 साल के आमिर के पास ब्रिटिश नागरिकता है, हालांकि उनका निवास स्थान पाकिस्तान ही दर्ज किया गया है।
मंगलवार, 3 नवंबर को दुबई में होने वाले इस प्लेयर ड्राफ्ट में आमिर को प्लैटिनम कैटगरी (फीस USD 100,000) में रखा गया है।
PCB नहीं देगा NOC
यूके के नागरिक के तौर पर खेलने का बड़ा फायदा यह है कि आमिर को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से NOC की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस कदम के बाद अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आमिर 16 दिसंबर को गोवा में होने वाले IPL मिनी-ऑक्शन के लिए भी अपना नाम दे सकते हैं। इससे पहले पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर अजहर महमूद भी ब्रिटिश पासपोर्ट के जरिए किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए आईपीएल खेल चुके हैं।
विजय शंकर और केएस भरत समेत 462 खिलाड़ी ड्राफ्ट मे
मोहम्मद आमिर के अलावा भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर विजय शंकर और केएस भरत (जिन्होंने हाल ही में संन्यास लिया है) के साथ मुरूगन अश्विन भी इस ड्राफ्ट में शामिल हैं। इन सभी भारतीय खिलाड़ियों को गोल्ड कैटगरी में जगह मिली है। इसके अलावा उन्मुक्त चंद (यूएसए), राहुल चोपड़ा (यूएई) और अयान खान (ओमान) जैसे भारतीय मूल के विदेशी खिलाड़ी भी ड्राफ्ट का हिस्सा हैं।
दूसरी ओर, पीसीबी ने अपने खिलाड़ियों को एपीएल के लिए एनओसी देने से साफ इनकार कर दिया है। पाकिस्तान के 30 से अधिक खिलाड़ियों (फखर जमान, साइम अय्यूब, हसन अली और इमाद वासिम) ने भी रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन कूटनीतिक तनाव के कारण उनका खेलना एनओसी पर ही निर्भर करेगा। 5 टीमों वाली इस लीग में राशिद खान, मोहम्मद नबी और रहमानुल्लाह गुरबाज जैसे अफगानिस्तान के बड़े सितारे जलवा बिखेरते नजर आएंगे।