‘मेरा कुछ नहीं जा रहा’. टीम इंडिया में वापसी की मांग के बीच मोहम्मद शमी ने ऐसा क्यों कहा?

टीम इंडिया में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी से एक बार फिर मोहम्मद शमी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. पिछले डेढ़ साल से भी ज्यादा वक्त से शमी भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं.

मगर वर्ल्ड कप 2027 के लिए उन्हें टीम में वापस लेकर आने की मांग हो रही है. क्या सेलेक्शन कमेटी ऐसा करेगी? फिलहाल इसके संकेत नहीं मिले हैं. मगर क्या भुवनेश्वर के कमबैक से शमी की उम्मीदें जगी हैं? टीम इंडिया के दिग्गज पेसर ने कहा है कि वो इस बारे में नहीं सोच रहे क्योंकि इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता.

मोहम्मद शमी इन दिनों बंगाल क्रिकेट टीम के साथ रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की तैयारियों में लगे हैं. उनका सारा ध्यान फिलहाल इस रणजी सीजन पर लगा है. इसलिए सेलेक्शन का मुद्दा उनके दिमाग में नहीं है. रेवस्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी पर शमी ने संतुष्टि जताई और कहा कि ये दिग्गज पेसर के लिए अच्छा है लेकिन भुवनेश्वर के चयन से उन पर कोई असर नहीं पड़ रहा है.

‘मेरा कुछ नहीं जा रहा’

36 साल के दाएं हाथ के पेसर मोहम्मद शमी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से ही बाहर हैं, जहां उन्होंने टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. इसके बाद से ही वो लगातार घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं लेकिन टीम में वापसी नहीं हुई है. मगर क्या अब शमी भी वापसी की उम्मीद कर रहे हैं? इसके जवाब में भारतीय पेसर ने साफ कह दिया कि सेलेक्शन होने पर वो टीम के लिए अपना पूरा दम लगाएंगे और अगर टीम इंडिया में उनकी वापसी नहीं होती है तो इसमें उनका कुछ नहीं जा रहा.

अगरकर की छुट्टी से बनेगी बात?

वर्ल्ड कप 2023 के बाद से ही शमी की फिटनेस उनके और टीम इंडिया के लिए परेशानी का सबब बनी रही. वर्ल्ड कप के बाद वो लंबे समय तक टीम से बाहर रहे. फिर चैंपियंस ट्रॉफी से ठीक पहले उनकी वापसी हुई लेकिन इस टूर्नामेंट के बाद फिर वो बाहर हो गए. इस दौरान पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और शमी के बीच मीडिया के माध्यम से आरोपों की बारिश भी हुई. मगर अब अगरकर सेलेक्शन कमेटी से अलग हो चुके हैं और इसके बाद ही भुवनेश्वर की भी वापसी हुई है. तो क्या शमी भी लौट सकते हैं? इस सवाल का जवाब आने वाले दिनों में मिल ही जाएगा.

Leave a Comment