मेजर लीग सॉकर: लियोनल मेसी सबसे महंगे खिलाड़ी, ₹74.40 करोड़ बढ़ी सैलरी, जानें अब कितनी है

नई दिल्ली: फुटबॉल की दुनिया में लियोनेल मेसी का जलवा सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं है। कमाई के मामले में भी वह बाकी खिलाड़ियों से काफी आगे हैं। मेजर लीग सॉकर की 2026 की नई सैलरी रिपोर्ट में मेसी सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी हैं।

वहीं, बार्सिलोना के पूर्व स्टार रॉबर्ट लेवांडोस्की ने इस सूची में दूसरा और फ्रांस के एंटोनी ग्रिजमैन ने तीसरा स्थान हासिल किया है।

मेजर लीग सॉकर प्लेयर्स एसोसिएशन की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इंटर मियामी के कप्तान मेसी को सालाना 28.33 मिलियन डॉलर यानी करीब 263.43 करोड़ रुपये की गारंटीड राशि मिलती है। इस रकम में बेस सैलरी और गारंटीड बोनस शामिल हैं। पिछले साल के मुकाबले उनकी गारंटीड कमाई में करीब 8 मिलियन डॉलर (74.40 करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ है।

 

 

 

लेवांडोस्की और ग्रिजमैन भी टॉप-3 में शामिल

इस साल समर ट्रांसफर विंडो में मेजर लीग सॉकर से जुड़ने वाले बड़े सितारों में रॉबर्ट लेवांडोस्की और एंटोनी ग्रिजमैन भी शामिल हैं। शिकागो फायर से खेलने वाले पोलैंड के स्ट्राइकर लेवांडोस्की 19.51 मिलियन डॉलर की गारंटीड कमाई के साथ दूसरे नंबर पर हैं। उनकी बेस सैलरी 16 मिलियन डॉलर है। वहीं, ऑरलैंडो सिटी के लिए खेलने वाले फ्रांस के ग्रिजमैन 13.93 मिलियन डॉलर की गारंटीड राशि के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उनकी बेस सैलरी करीब 10.44 मिलियन डॉलर है। ग्रिजमैन ने एटलेटिको मैड्रिड छोड़कर मेजर लीग सॉकर का रुख किया था।

MLS के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप-5 खिलाड़ी

खिलाड़ी

क्लब

डॉलर में सैलरी

भारतीय रुपये में

लियोनेल मेसी इंटर मियामी $28.33 मिलियन ₹264.02 करोड़
रॉबर्ट लेवांडोस्की शिकागो फायर $19.51 मिलियन ₹181.81 करोड़
एंटोनी ग्रिजमैन ऑरलैंडो सिटी $13.93 मिलियन ₹129.79 करोड़
सोन ह्युंग-मिन LAFC $11.15 मिलियन ₹103.90 करोड़
ब्रील एम्बोलो अटलांटा यूनाइटेड $10.81 मिलियन ₹100.73 करोड़

इंटर मियामी खिलाड़ियों पर खर्च करने में सबसे आगे

सिर्फ खिलाड़ियों की व्यक्तिगत कमाई ही नहीं, बल्कि टीमों के कुल वेतन खर्च में भी इंटर मियामी सबसे आगे है। क्लब अपने खिलाड़ियों को कुल 59.37 मिलियन डॉलर की गारंटीड राशि देता है। शिकागो फायर 41.29 मिलियन डॉलर के साथ दूसरे और अटलांटा यूनाइटेड 38.35 मिलियन डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद ला गैलेक्सी 34.91 मिलियन डॉलर और एलएएफसी 32.91 मिलियन डॉलर के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि मेजर लीग सॉकर में सबसे कम वेतन खर्च करने वाली टीम फिलाडेल्फिया यूनियन है, जिसका कुल गारंटीड पे-रोल 12.64 मिलियन डॉलर है।

मेजर लीग सॉकर में खिलाड़ियों की कमाई में हुआ इजाफा

मेजर लीग सॉकर में खिलाड़ियों की औसत गारंटीड कमाई बढ़कर 746,936 डॉलर हो गई है। पिछले साल यह आंकड़ा 632,809 डॉलर था। यानी इसमें करीब 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, लीग में कम से कम 1 मिलियन डॉलर सालाना गारंटीड कमाई करने वाले खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़कर 150 हो गई है। मई 2026 में यह संख्या 133 थी। इस रिपोर्ट से साफ है कि मेजर लीग सॉकर दुनिया के बड़े फुटबॉल सितारों को आकर्षित करने के साथ-साथ खिलाड़ियों पर अपना खर्च भी लगातार बढ़ा रही है। हालांकि, कमाई के मामले में फिलहाल मेसी के आसपास कोई दूसरा खिलाड़ी नजर नहीं आता।

Leave a Comment